पाकिस्तान के कबायली इलाके में है ओसामा : अमेरिका
अरुण कुमार
वाशिंगटन, 22 जुलाई (आईएएनएस)। अमेरिकी सरकार ने दोहराया है कि अलकायदा सरगना ओसामा बिल लादेन पाकिस्तान के कबायली इलाके में छिपा है हालांकि संभव है कि पाकिस्तान सरकार में शीर्ष स्तर पर आसीन लोग इससे अवगत न हों।
विदेश मंत्री हिलेरी क्लिंटन के बयान के बारे में सवाल पूछे जाने पर अमेरिकी विदेश विभाग के प्रवक्ता फिलिप क्राउले ने कहा कि विदेश मंत्री ने अपने अक्टूबर के बयान को ही दोहराया है।
क्राउले ने कहा, "हमारा मानना है कि लादेन अफगानिस्तान और पाकिस्तान के बीच कबायली इलाकों में है। मुझे लगता है कि क्लिंटन का मतलब यह नहीं था कि पाकिस्तानी सरकार में शीर्ष लोगों को इसकी ठोस जानकारी है।"
उन्होंने कहा कि सीआईए के निदेशक ने हाल ही में एक टीवी कार्यक्रम के दौरान कहा था कि वह यकीनी तौर पर आज यह नहीं कह सकते कि लादेन कहां पर है।
उन्होंने कहा, "मुझे लगता है कि विदेश मंत्री यह कहना चाह रही थीं कि हमारा यह मामना है कि पाकिस्तानी सरकार में कुछ लोग हैं जिन्हें लादेन के बारे में जानकारी है। हमें उम्मीद करनी चाहिए कि अगर यह जानकारी हमारे पास आती है तो इस पर उचित कार्रवाई की जाएगी।"
क्लिंटन ने सोमवार को एक साक्षात्कार में कहा था कि लादेन के पाकिस्तान में छिपे होने की प्रबल संभावना है। उन्होंने यह भी कहा था कि पाकिस्तानी सरकार में कुछ ऐसे लोग हैं जिन्हें लादेन और उमर के ठिकाने की जानकारी है।
उधर, पाकिस्तान के प्रधानमंत्री यूसुफ रजा गिलानी ने क्लिंटन के इस दावे को नकार दिया था। उन्होंने कहा कि अगर किसी के पास लादेन और तालिबान सरगना उमर के बारे में कोई ठोस जानकारी है तो वह पाकिस्तानी सरकार से इस जानकारी को साझा करे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications