मुंबई में हुसैन के बेटे की प्रदर्शनी
बयालीस वर्षीय ओवैस छह से 26 अगस्त तक मुंबई की ताओ आर्ट गैलरी में कला, काव्य और संगीत की एक प्रदर्शनी आयोजित कर रहे हैं।
प्रदर्शनी के तीन खंड 'द हार्ट', 'द माइंड' और 'द स्पिरिट' होंगे। यह प्रदर्शनी इस तथ्य के इर्द-गिर्द आयोजित की जा रही है कि प्रत्येक मनुष्य एक कहानीकार होता है और अपने काम या शब्दों के माध्यम से कहानी सुनाता है।
वर्ष 1967 में मुंबई में जन्मे ओवैस ने शिमला के लारेंस स्कूल में पढ़ाई की थी। वर्ष 1984 से 1989 के बीच उन्होंने चित्रकला, ड्रॉइंग, फोटोग्राफी जैसी कलाओं में महारत हासिल की।
उन्होंने मुंबई के सर जे.जे. स्कूल ऑफ आर्ट से भी पढ़ाई की। वर्ष 1990 में स्नातक होने के बाद वह एक साल के लिए न्यूयार्क सिटी चले गए। इसके बाद अहमदाबाद के केनोरिया सेंटर ऑफ आर्ट्स में उन्होंने एक पेंटिंग स्टूडियो स्थापित किया।
उन्होंने एक वृत्तचित्र 'लेटर्स टू माई सन एबाउट माई फादर' का निर्देशन भी किया है। यह वृत्तचित्र एम.एफ. हुसैन के जीवन पर आधारित है।
हुसैन ने 2006 में देश छोड़ दिया था। दक्षिणपंथी समूहों ने उन पर हिंदू देवियों की आपत्तिजनक पेंटिंग्स बनाकर हिंदुओं की भावनाओं को आहत करने का आरोप लगाया था। अब उन्होंने कतर की नागरिकता ले ली है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications