कश्मीर में मुठभेड़, 2 आतंकवादी ढेर, जवान शहीद
श्रीनगर, 21 जुलाई (आईएएनएस)। जम्मू एवं कश्मीर के सोपोर में आतंकवादियों और सुरक्षा बलों के बीच भीषण मुठभेड़ में हरकत-उल मुजाहिदीन के स्वयंभू कमांडर सहित दो आतंकवादी मारे गए और एक जवान शहीद हो गया।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बुधवार को बताया कि सोपोर थानाक्षेत्र के हैगम गांव के एक मकान में आतंकवादियों के छुपे होने का सुराग मिलने पर सुरक्षा बलों ने मंगलवार तड़के एक उसकी घेराबंदी कर दी।
उन्होंने बताया, "सुरक्षा बलों द्वारा आतंकवादियों को आत्मसमर्पण करने के लिए कहे जाने पर उन्होंने राष्ट्रीय राइफल्स और विशेष कार्रवाई बल के जवानों पर गोलीबारी शुरू कर दी। इस गोलीबारी में राष्ट्रीय राइफल्स के एक जवान की मौके पर ही मौत हो गई।"
उन्होंने बताया कि गोलीबारी मंगलवार देर रात और बुधवार तड़के तक जारी रही। मलबे से आतंकवादियों के दो शव बरामद किए गए हैं इनमें से एक की शिनाख्त नोमान के रूप में की गई है जो हिजबुल का स्वयंभू कमांडर है।
उन्होंने बताया कि मकान से दो एके-47 राइफलें और गोला बारूद बरामद किया गया। अधिकारियों ने बताया कि तलाशी का काम अब तक जारी है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications