नक्सल विरोधी अभियान रोकने प्रधानमंत्री से निवेदन करूंगी : ममता
बनर्जी ने शहर के मध्य तृणमूल कांग्रेस की एक विशाल रैली को संबोधित करते हुए कहा, "मैं प्रधानमंत्री से मिलूंगी और उनसे निवेदन करूंगी। वह अच्छे आदमी हैं। मुझे उम्मीद है, वह मेरी बात सुनेंगे।"
बनर्जी ने आरोप लगाया कि राज्य की सत्ताधारी मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) नक्सल प्रभावित तीन जिलों में अपनी राजनीतिक जमीन वापस हासिल करने के लिए संयुक्त अभियान का इस्तेमाल कर रही है।
बनर्जी ने कहा, "मैं केंद्र सरकार से निवेदन करती हूं कि संयुक्त अभियान रोक दिया जाए। माकपा संयुक्त बलों की उपस्थिति का इस्तेमाल कर अपने राजनीतिक एजेंडे को पूरा कर रही है। संयुक्त अभियान के नाम पर पुलिस कर्मियों, जनजातीय पुरुषों और महिलाओं की हत्या की जा रही है। हम इसे बर्दाश्त नहीं करेंगे।"
बनर्जी ने माकपा के मंत्रियों पर नक्सल प्रभावित इलाकों में हथियारों के शिविर लगाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, "मैं माकपा नेताओं से पूछती हूं कि क्या उन्होंने पश्चिम मिदनापुर जिले के गोलतोर और सालबोनी जैसे इलाकों में हथियारों का शिविर लगाया है या नहीं? यदि वे साबित कर दें कि मैं झूठ बोल रही हूं, तो मैं रेल मंत्रालय से अपना इस्तीफा उनके पास भेज दूंगी।"
बनर्जी ने यह भी घोषणा की कि उनकी पार्टी नौ मार्च को लालगढ़ के लिए एक जुलूस निकालेगी और माकपा नेतृत्व वाले वाम मोर्चे को उखाड़ फेंकने का लोगों से आग्रह करेगी और शांति बहाली की अपील करेगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications