लादेन पर हिलेरी के दावे को गिलानी ने नकारा (लीड-1)
वाशिंगटन/इस्लामाबाद, 21 जुलाई (आईएएनएस)। पाकिस्तान के प्रधानमंत्री यूसुफ रजा गिलानी ने अमेरिकी विदेश मंत्री हिलेरी क्लिंटन के उस दावे को नकार दिया है जिसमें उन्होंने कहा था कि अलकायदा सरगना ओसामा बिना लादेन व उसका खास सहयोगी मुल्ला उमर पाकिस्तान में हैं और इसकी जानकारी पाकिस्तानी सरकार में शामिल कुछ लोगों को भी है।
समाचार चैनल 'जियो टीवी' के अनुसार गिलानी ने मंगलवार को कहा कि अगर किसी के पास लादेन और तालिबान सरगना उमर के बारे में कोई ठोस जानकारी है तो वह पाकिस्तानी सरकार से इस जानकारी को साझा करे। उन्होंने कहा, "अगर किसी के पास कोई विश्ववसनीय और पुख्ता जानकारी हो तो उसे हमारे साथ साझा करना चाहिए।"
गिलानी ने कहा, "अमेरिकी विदेश मंत्री के साथ मुलाकात के दौरान ओसामा बिन लादेन और मुल्ला उमर की मौजूदगी का मसला नहीं उठा। उस दौरान इससे जुड़े किसी मामले पर चर्चा भी नहीं की गई।"
अमेरिकी विदेश मंत्री हिलेरी क्लिंटन ने सोमवार को एक साक्षात्कार में कहा था कि लादेन के पाकिस्तान में छिपे होने की प्रबल संभावना है। उन्होंने यह भी कहा था कि पाकिस्तानी सरकार में कुछ ऐसे लोग हैं जिन्हें लादेन और उमर के ठिकाने की जानकारी है।
अमेरिकी टेलीविजन चैनल 'फॉक्स न्यूज' को दिए साक्षात्कार में हिलेरी ने कहा था, "पाकिस्तानी सरकार में कुछ लोग ऐसे हैं जो लादेन का ठिकाने जानते हैं। मैं पहले भी यह कह चुकी हूं। परंतु यही भी महत्वपूर्ण है कि अलकायदा के शीर्ष नेतृत्व के खिलाफ हमें पाकिस्तान का उच्च स्तर पर सहयोग मिलता रहा है।"
गौरतलब है कि क्लिंटन पिछले दिनों पाकिस्तान के आधिाकरिक दौरे पर थीं। इसके बाद वह एक अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलन में शिरकत करने काबुल भी गई थीं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications