शिवराज के बयान पर विधानसभा में चर्चा
चौहान ने तीन दिन पहले शिवपुरी जिले में कहा था, "वह भू-माफिया और अन्य माफियाओं के खिलाफ कार्रवाई कर रहे हैं। यही कारण है कि माफिया पैसा इकट्ठा कर उन्हें हटाना चाहते हैं।" विपक्ष मुख्यमंत्री द्वारा उल्लेखित माफियाओं के नाम के खुलासे की मांग कर रहा है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने इस बयान से जुड़ी बातों को काल्पनिक करार दिया है।
इस बयान पर कांग्रेस ने स्थगन प्रस्ताव लाकर चर्चा कराने की मांग की थी। विधानसभाध्यक्ष ईश्वर दास रोहाणी ने चर्चा की अनुमति दे दी। विपक्ष के विधायक नर्मदा प्रसाद प्रजापति, चौधरी राकेश सिंह और महेंद्र सिंह कालूखेड़ा ने चर्चा में शामिल होते हुए कहा कि मुख्यमंत्री उन माफियाओं के नामों का खुलासा करें जो उन्हे हटाना चाहते हैं।
भाजपा की ओर से पशुपालन मंत्री अजय विश्नोई व स्कूल शिक्षा मंत्री अर्चना चिटनिस ने कहा कि मुख्यमंत्री न तो किसी से डरे हैं और न ही उन्हें किसी से खतरा है। दोनों ने कहा कि यह बयान काल्पनिक है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications