बीपी के मुद्दे पर तनाव घटा रहे हैं ओबामा, कैमरन
वाशिंगटन, 21 जुलाई (आईएएनएस)। अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा और ब्रिटिश प्रधानमंत्री डेविड कैमरन ब्रिटिश पेट्रोलियम (बीपी)से जुड़े मुद्दों पर तनाव कम करने का प्रयास कर रहे हैं।
मेक्सिको की खाड़ी में तेल रिसाव के लिए जिम्मेदार ब्रिटिश पेट्रोलियम की लॉकरबेई विमान विस्फोट के दोषी की रिहाई में भी कथित भूमिका थी। वर्ष 1988 में विमान में हुए इस विस्फोट में 270 लोगों की मौत हो गई थी जिनमें से ज्यादातर अमेरिकी नागरिक थे।
एक रिपोर्ट के मुताबिक ब्रिटिश सरकार द्वारा लीबिया से किए गए कैदी हस्तांतरण समझौते के लिए बीपी ने समर्थन जुटाया था जिसके लिए लीबिया में उसे मुनाफेदार परियोजनाओं का काम सौंपा गया।
केमरन के साथ एक पत्रकार वार्ता में ओबामा ने मंगलवार को कहा, "अमेरिका और ब्रिटेन के बीच विशिष्ट संबंध रहे हैं, ब्रिटेन अमेरिका का सबसे बेहतर सहयोगी है।"
समाचार एजेंसी सिन्हुआ के मुताबिक ओबामा ने कहा कि उन्होंने कैमरन के साथ ईरान पर प्रतिबंध, मध्यपूर्व में शांति और अफगानिस्तान युद्ध जैसे सभी आपसी हितों से जुड़े मुद्दों पर बात की।
अपनी पहली अमेरिका यात्रा पर पहुंचे ब्रिटिश प्रधानमंत्री कैमरन ने कहा कि वह तेल रिसाव के मुद्दे पर अमेरिकियों के गुस्से को पूरी तरह समझते हैं यह अमेरिका के इतिहास की सबसे बड़ी तेल रिसाव दुर्घटना है।
कैमरन कहा, "मैं स्पष्ट रूप से कहता हूं कि खाड़ी में हुए रिसाव के लिए बीपी जिम्मेदार है, तेल रिसाव को रोकना, तेल साफ करना और हर्जाना देना उसकी जिम्मेदारी है।"
लेकिन बीपी के खिलाफ ओबामा प्रशासन द्वारा उठाए जा रहे कड़े कदमों के विरोध में उन्होंने कहा, "बीपी ब्रिटेन और अमेरिका दोनों अर्थव्यवस्थाओं के लिए महत्वपूर्ण है। इससे हजारों लोगों के रोजगार जुड़े हैं। इसलिए यह दोनों देशों के हित में है कि हम इसे एक मजबूत और स्थिर कंपनी बनने में मदद करें।"
लॉकरबेई विमान विस्फोट मामले में कैमरन ने कहा कि स्कॉटलैंड की सरकार द्वारा लिया गया यह निर्णय पूरी तरह गलत था लेकिन इसमें बीपी की कोई भूमिका नहीं है।
उन्होंने कहा, "यह बीपी का निर्णय नहीं था यह पूरी तरह स्कॉटलैंड की सरकार का निर्णय था।"
प्रधानमंत्री ने कहा कि लॉकरबेई विमान विस्फोट के लीबियाई दोषी को छोड़ने के फैसले के दस्तावेजों की समीक्षा का आदेश उन्होंने दिया है लेकिन वह ब्रिटिश जांच की मांग का समर्थन नहीं कर रहे हैं।
इस पर ओबामा ने कहा, "इस निर्णय के संबंध में ज्यादा जानकारी दिए जाने के फैसले का हम स्वागत करेंगे इससे मामले की वास्तविक स्थिति का पता चल सकेगा।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications