राजधानी की बोगी से अलग हुआ इंजन
चंदौली। आजकल लगता है कि रेल विभाग के दिन खराब चल रहे हैं तभी तो सोमवार को पं, बंगाल रेल दुर्घटना की त्रासदी से लोग उबरे भी नहीं थे कि मंगलवार की सुबह भी एक भारी रेल दुर्घटना होते होत रह गई। उत्तर प्रदेश के मुगलसराय रेलवे स्टेशन के पास मंगलवार तड़के पटना जा रही राजधानी एक्सप्रेस में कपलिंग टूट जाने से इंजन बोगी से अलग होकर आगे चला गया। इसके कारण काफी समय तक इस व्यस्त रेलमार्ग पर रेलगाड़ियों का आवागमन बाधित रहा। हादसे में किसी प्रकार के जान-माल का नुकसान नहीं हुआ।
चंदौली जिले में स्थित मुगलसराय स्टेशन से करीब 10 किलोमीटर दूर सकलडीहा स्टेशन के पास तड़के करीब 3.30 बजे नई दिल्ली -पटना राजधानी एक्सप्रेस का इंजन बोगियों से अलग हो गया। मुगलसराय राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) के चौकी प्रभारी त्रिपुरारी पांडे ने संवाददाताओं को बताया कि घटना के तत्काल बाद रेलवे कर्मचारी मौके पर पहुंच गए। इंजन को वापस लाकर बोगी से जोड़ा गया और फिर रेलगाड़ी रवाना की गई। इस प्रक्रिया में करीब तीन घंटे का समय लगा और इस दौरान रेलमार्ग पर यातायात बाधित रहा।
उन्होंने कहा कि आरंभिक जांच में सामने आया कि इंजन को बोगी से जोड़ने वाली कपलिंग टूटने से यह घटना हुई। रेलवे अधिकारी घटना की जांच कर रहे हैं। पांडे ने कहा कि किसी के घायल या हताहत होने की कोई सूचना नहीं है।













Click it and Unblock the Notifications