झमाझम बारिश से थमी दिल्ली
नई दिल्ली। सोमवार रात से हो रही बारिश ने दिल्ली वालों को गर्मी से राहत तो दी लेकिन परेशानियां भी खड़ी कर दीं। लगातार हो रही बारिश से पूरी राजधानी की यातायात व्यवस्था चरमरा गई जिसके कारण दिल्ली वालों को घंटो जाम का शिकार होना पड़ा। दिल्ली में मंगलवार को जारी बारिश की वजह से शहर के कई हिस्सों में सड़कों पर पानी भर गया जिसके कारण यात्रियों को फिर से कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
पानी-पानी राजधानी
दिल्ली यातायात पुलिस के अनुसार राजधानी में सोमवार रात में बारिश शुरू हुई। इससे मालवीय नगर, मोती बाग, ह्यात फ्लाइओवर, नारायणा टी प्वाइंट, दिल्ली विश्वविद्यालय के उत्तरी परिसर, छत्रसाल स्टेडियम, आईटीओ डब्ल्यू प्वाइंट, आश्रम, मूलचंद, मोरी गेट और राजौरी गार्डेन में सड़कों पर पानी भर गया है। दिल्ली यातायात पुलिस के एक अधिकारी ने बताया, "शहर के विभिन्न हिस्सों से खासकर धौला कुआं से मंगलवार सुबह सात बजे से ही सड़क जाम को लेकर फोन आने लगे थे। हमारे जवान परिस्थितियों पर निगरानी रखे हुए हैं।"
वसंत विहार, मूलचंद, आश्रम चौक, मोती बाग और उत्तरी दिल्ली के हिस्सों में वाहनों की रफ्तार बहुत धीमी है। कई जगहों पर ट्रैफिक सिग्नल सही तरीके से काम नहीं कर रहे हैं। अपने दफ्तर के लिए जा रहे लोगों के लिए परेशानियां और बढ़ गई हैं।













Click it and Unblock the Notifications