नाटो की सैन्य उपस्थिति अफगानिस्तान में हिंसा का कारण : ईरान
काबुल, 20 जुलाई (आईएएनएस)। ईरानी विदेश मंत्री मनुचेहर मोत्तकी ने यहां मंगलवार को कहा कि अफगानिस्तान में नाटो सैनिकों की उपस्थिति और उनकी संख्या में हो रही उत्तरोत्तर बढ़ोतरी वहां हिंसा को बढ़ावा दे रही है।
समाचार एजेंसी डीपीए के अनुसार मोत्तकी ने कहा, "विदेशी बलों की संख्या में बढ़ोतरी के बावजूद अफगानिस्तान में सुरक्षा हालात बिगड़े हैं और भविष्य में हालात में सुधार की कोई संभावना नहीं है।"
मोत्तकी अफगानिस्तान के भविष्य पर काबुल में आयोजित अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलन में बोल रहे थे।
मोत्तकी ने कहा, "इस तरह यह पूरी तरह स्पष्ट है कि विदेशी बलों की संख्या में बढ़ोतरी और उनके अभियान न केवल मुद्दे को हल करने में विफल हुए हैं, बल्कि उन्होंने हिंसा को और भड़काया है।"
मोत्तकी ने आगे कहा, "यह इस बात को भी प्रदर्शित करता है कि विदेशी सैनिकों की उपस्थिति और उनकी संख्या में बढ़ोतरी असुरक्षा, हिंसा और जनता की मायूसी का एक कारण है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications