हिन्दुओं से माफी मांगे मुलायम : कल्याण
जन क्रांति पार्टी (जेकेपी) के संरक्षक कल्याण सिंह ने मंगलवार को लखनऊ में पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक के समापन सत्र को संबोधित करते हुए कहा कि मंदिर मुद्दे से किनारा करके भाजपा ने तुष्टिकरण की नीति अपना ली है। इसलिए वह अब मुसलमानों को नाराज नहीं करना चाहती।
सिंह ने कहा, "मैं देश और प्रदेश के हिंदुओं से वादा करता है मैं इस कायरों की पार्टी में कभी नहीं लौटूंगा।"
उन्होंने कहा, "भाजपा को हिंदुओं के हितों से कोई मतलब नहीं रह गया है। उसने अयोध्या में मंदिर बनाने के नाम पर हिंदुओं को केवल बेवकूफ बनाने की काम किया है।"
सिंह ने जोर देते हुए कहा कि अब हिंदुओं के हितों और सम्मान की रक्षा जेकेपी करेगी और मंदिर मुद्दे को वही आगे लेकर जाएगी।
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा, "मैंने बाबरी ढांचे की शहादत के लिए कभी माफी नहीं मांगी और न भविष्य में कभी मांगूगा। मुलायम सिंह की मुसलमानों से मांगी गई माफी को कल्याण ने महज एक शिगूफा बताया और कहा कि मुसलमान मुलायम के असली चेहरे को अच्छी तरह पहचान गए हैं कि वोट बैंक के लिए वह किस हद तक जा सकते हैं। अयोध्या में कारसेवकों पर गोली चलवाने के लिए मुलायम को हिंदुओं से माफी मांगनी चाहिए।"
मुलायम को अवसरवादी बताते हुए कल्याण ने कहा कि पिछले चुनाव में उनके कारण ही सपा को 23 सीटें मिली थीं, लेकिन मतलब निकलने के बाद मुलायम ने उनसे किनारा कर लिया। कल्याण ने एक बार फिर दोहराया कि सपा कभी सत्ता में नहीं आ पाएगी।
बहुजन समाज पार्टी (बसपा) पर निशाना साधते हुए कल्याण ने कहा कि बसपा की सरकार का ध्यान गरीबी, बेरोजगारी और कानून-व्यवस्था पर नहीं बल्कि पत्थरों की मूर्तियां बनाने पर है। उन्होंने चुटकी लेते हुए कहा कि बसपा सरकार ने लखनऊ को पत्थरों का शहर बना दिया, जिससे यहां की जलवायु ही बदल गई।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications