कश्मीर में राजनीतिक संवाद चाहती है माकपा
नई दिल्ली, 20 जुलाई (आईएएनएस)। मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) ने कश्मीर में सुरक्षा बलों की गोली से हो रही नागरिकों की मौत की जांच कराए जाने की मांग की है साथ ही उसने केंद्र सरकार से आग्रह किया है कि वह जम्मू एवं कश्मीर में विभिन्न विचारधारा वाले लोगों के साथ बातचीत शुरू करे।
बारामूला में सोमवार को पुलिस की गोली से एक युवक के मारे जाने की निंदा करते हुए माकपा ने एक बयान में कहा है कि सरकार को उस परिस्थिति की एक प्रामाणिक जांच करानी चाहिए, जिसके कारण हाल के दिनों में कई नागरिकों की मौत हुई है।
बयान में कहा गया है, "राज्य से इस तरह की परेशान करने वाली खबरें आ रही हैं कि विभिन्न स्थानों में सुरक्षा बलों द्वारा युवकों को प्रताड़ित किया जा रहा है। इसे हर हाल में रोका जाना चाहिए।"
सुरक्षा बलों से संयम बरतने की अपील करते हुए माकपा ने कहा, "यह अति दुर्भाग्यपूर्ण है कि इस तरह के संवेदनशील माहौल में संयम बरतने के बदले इस तरह की हत्याएं जारी हैं।"
बयान में कहा गया है, "माकपा सरकार से मांग करती है कि वह प्रशासनिक उपायों पर अत्यधिक निर्भरता त्याग दे। केंद्र सरकार को हर हाल में हर तरह की विचारधारा वाले सभी संगठनों के साथ बातचीत शुरू करनी चाहिए। बिना बिलंब किए राजनीतिक संवाद की प्रक्रिया शुरू की जानी चाहिए।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications