लाठी चार्ज के विरोध में तेदेपा समर्थकों का प्रदर्शन
हैदराबाद सहित राज्य के अन्य जगहों पर तेदेपा कार्यकर्ताओं ने सड़कों पर उतरकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने रेल और सड़क यातायात अवरुद्ध कर दिया और महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री अशोक चव्हाण के पुतले जलाए।
महाराष्ट्र सरकार द्वारा बाबली बांध पर निर्माण कार्य शुरू किए जाने के विरोध में तेदेपा अध्यक्ष एन.चंद्रबाबू नायडू और अन्य 75 नेताओं को नांदेड़ में गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। नेताओं का आरोप है कि बांध पर निर्माण के बाद आंध्र प्रदेश के हिस्से के पानी में कमी आएगी।
पुलिस ने हैदराबाद के पूर्व महापौर टी.कृष्णा रेड्डी और तेदेपा के अन्य नेताओं को उस समय गिरफ्तार किया गया जब वे केंद्रीय वित्त मंत्री प्रणब मुखर्जी के काफिले को रोकने का प्रयास कर रहे थे। प्रणब मुखर्जी दक्षिणी राज्यों के मुख्यमंत्रियों के सम्मेलन को संबोधित करने जा रहे थे।
गौरतलब है कि जैसे ही यह खबर फैली की महाराष्ट्र के नांदेड़ जिले में पुलिस की लाठी चार्ज में तेदेपा के नेता घायल हो गए हैं, बड़ी तदाद में प्रदर्शनकारी सड़कों पर उतर आए और महाराष्ट्र सरकार की इस कार्रवाई पर रोष जताया।
वारंगल जिले के रघुनाथपल्ली में प्रदर्शनकारियों ने कांग्रेस के सांसद वी. हनुमंथ राव के काफिले पर भी हमला किया। उन्होंने राज्यसभा सासंद के काफिले पर अंडे फेंके। वह वारंगल में उपचुनाव का प्रचार करने पहुंचे थे।
पुलिस ने विभिन्न जिलों से तेदेपा के दर्जनों नेताओं और कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया। प्रदर्शन के दौरान बसों और सरकारी संपत्तियों को नुकसान पहुंचाया गया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications