मुरादाबाद में रामगंगा में नाव डूबी, 6 मरे
यह हादसा जिले के नागफनी थाना क्षेत्र के दशवाघाट पर उस समय हुआ जब पास के ही एक गांव के लोग रोज की तरह नदी की दूसरी तरफ से सब्जी लादकर लौट रहे थे। बीच नदी में नाव अचानक पलट गई। वे बंगला गांव के निवासी थे।
मुरादाबाद के पुलिस उपमहानिरीक्षक बी.पी.जोगदंड ने संवाददाताओं को बताया कि अब तक 6 शव नदी से बाहर निकाले जा चुके हैं। बचाव दल द्वारा आठ लोगों को बचाया गया है। पांच-छह लोग अभी भी लापता हैं।
जोगदंड ने कहा कि नाव में कुल कितने लोग सवार थे इसका सही अंदाजा नहीं लग पाया है। नाविक के मुताबिक 18-20 लोग नाव में सवार थे जबकि स्थानीय लोगों का कहना है कि नाव में 30-35 लोग सवार थे।
उन्होंने कहा कि प्रथम दृष्टया यह प्रतीत हो रहा है कि नाव पर क्षमता से अधिक बोझ पड़ने के कारण यह हादसा हुआ है। घटना की जांच की जा रही है।
नागफनी थाना प्रभारी दया राम के मुताबिक राहत व बचाव कार्य युद्ध स्तर पर चलाया जा रहा है। गोताखोरों के साथ-साथ प्रांतीय सशस्त्र बल (पीएसी) के जवानों की भी मदद ली जा रही है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications