क्लिंटन की जरदारी से मुलाकात, ड्रॉन हमलों पर चर्चा
एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल के साथ पाकिस्तान दौरे पर पहुंची क्लिंटन ने रविवार शाम को जरदारी से मुलाकात की।
पाकिस्तानी समाचार एजेंसी एपीपी के अनुसार बैठक में अमेरिका और पाकिस्तान के बीच रणनीतिक वार्ता, द्विपक्षीय संबंधों, क्षेत्रीय स्थिति और आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई जैसे मुद्दों पर चर्चा की गई।
राष्ट्रपति के प्रवक्ता फरहतुल्ला बाबर ने कहा कि जरदारी ने एक केंद्रित और परिणाममूलक रणनीतिक वार्ता के लिए कहा। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान की ऊर्जा आवश्यकताओं से जुड़े मुद्दे बहुत महत्वपूर्ण हैं और उनको तत्काल हल किया जाना चाहिए।
पाकिस्तानी सीमा में होने वाले ड्रॉन हमलों के बारे में जरदारी ने कहा कि इससे आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई की राष्ट्रीय सहमति कमजोर होती है। उन्होंने ड्रॉन तकनीक पाकिस्तान को देने की बात कही जिससे अधिक जन स्वीकार्यता के साथ आतंकवादियों के खिलाफ इनका उपयोग किया जा सके।
बाबर के अनुसार जरदारी ने कहा कि इक्का दुक्का आतंकवादी वारदातों के कारण शांति प्रक्रिया के लिए वार्ता को बंद नहीं किया जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि पिछले आठ वर्षो के दौरान आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में पाकिस्तान को करीब 40 अरब डॉलर का नुकसान हुआ। इसके अलावा हुए सामाजिक और मानवीय नुकसान की गणना संभव नहीं है।
क्लिंटन ने कहा कि आतंकवाद के खिलाफ लड़ रही पाकिस्तानी जनता के लिए आर्थिक अवसर पैदा करने के प्रति वाशिंगटन गंभीर है।
उन्होंने स्थिरता और ऊर्जा, शिक्षा तथा सामाजिक क्षेत्र में निवेश बढ़ाने के लिए पाकिस्तान में लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए अमेरिकी समर्थन की प्रतिबद्धता को दोहराया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications