दुरंतो में परोसे गए भोजन में तिलचट्टा मिला
कोलकाता, 18 जुलाई (आईएएनएस)। मुंबई-हावड़ा दुरंतो एक्सप्रेस के यात्रियों ने रेलगाड़ी में परोसे गए भोजन में तिलचट्टा पाए जाने पर रविवार रात हावड़ा स्टेशन पर विरोध प्रदर्शन किया।
यात्रियों ने आरोप लगाया कि चावल में तिलचट्टा तो मिला ही, कई अन्य खाद्य सामग्री भी बासी और घटिया किस्म की दी गईं।
कुछ प्रदर्शनकारियों ने कहा कि दूषित भोजन से 15 यात्री बीमार हो गए।
भारतीय रेल कैटरिंग एंड टूरिज्म कारपोरेशन (आईआरसीटीसी) ने स्वीकार किया कि चावल में एक 'कीड़ा' देखा गया है।
आईआरसीटीसी समूह के महाप्रबंधक (पूर्व क्षेत्र) अम्लान बिस्वास ने आईएएनएस को बताया, "बिलासपुर में ठहराव के दौरान रेलगाड़ी में खाद्य सामग्री लोड की गई। खाना परोसे जाने पर एक यात्री ने चावल में कीड़ा मिलने की शिकायत की।"
उन्होंने बताया, "शिकायत मिलने पर हम भोजन बदल देते हैं, लेकिन यात्री ने हमें भोजन बदलने के लिए नहीं कहा। उन्होंने चावल में पड़े कीड़े की तस्वीर खींच ली और एक टेलीविजन चैनल को मेल कर दिया।"
उन्होंने बताया कि खड़गपुर के नजदीक एक यात्री को दिल का दौरा पड़ने पर यात्रियों ने हंगामा किया। इस भोजन से हालांकि इस घटना का कोई लेना-देना नहीं था।
बिस्वास ने इस बात से भी इंकार किया कि 15 यात्री बीमार हो गए हैं। उन्होंने कहा, "शाम 7.40 बजे हावड़ा स्टेशन पहुंचने पर एक भी यात्री किसी डाक्टर के यहां नहीं गया। सभी लोग अपने घर चले गए।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications