उप्र में फुहारों से मौसम हुआ सुहावना
लखनऊ, 19 जुलाई (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ सहित कई हिस्सों में बारिश की फुहारों से मौसम सुहावना हो गया है। सोमवार सुबह से राज्य के अधिकांश हिस्सों में बादल छाए रहे।
लखनऊ के अलावा गोरखपुर, सुल्तानपुर, कानपुर, इटावा, हरदोई और बहराइच सहित विभिन्न जिलों बीते 24 घंटों के दौरान बारिश हुई। गोरखपुर में सबसे ज्यादा 41.2 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।
मौसम विभाग के अधिकारियों का कहना है कि पूर्वाचल के साथ मध्य और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के ऊपर कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। आगामी 24 घंटों के दौरान लखनऊ सहित पूर्वाचल, तराई, पश्चिमी और मध्य हिस्सों में तेज बारिश के आसार हैं।
पिछले कुछ दिनों में बारिश की बौछारों के चलते अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई है और लोग उमस से राहत महसूस कर रहे हैं।
पिछले 24 घंटों के दौरान राजधानी लखनऊ का अधिकतम तापमान 33.6 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राज्य के अन्य इलाकों में अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस के आस-पास दर्ज किया गया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications