तेदेपा की हड़ताल का आंध्र प्रदेश में आंशिक असर
हैदराबाद और 22 अन्य जिलों में बंद का मिलाजुला असर रहा। तेदेपा कार्यकर्ताओं के विरोध प्रदर्शनों के कारण आंध्र प्रदेश राज्य परिवहन निगम ने सेवाओं को आंशिक रूप से स्थगित किया।
हैदराबाद, विशाखापट्टनम, विजयवाड़ा, काकीनाडा, तिरुपति और गुंटूर जिलों के कुछ हिस्सों में शिक्षण संस्थाएं, दुकानें और व्यापारिक प्रतिष्ठान बंद रहे। विभिन्न जिलों में सड़क जाम और दुकानों को बलपूर्वक बंद कराने का प्रयास कर रहे दर्जनों तेदेपा कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया गया।
बहारहाल बंद का प्रभाव कम ही रहा और सड़कों पर वाहन दिखे। आईटी जिले साइबराबाद में भी कामकाज सामान्य है।
महाराष्ट्र के नांदेड़ जिले के धर्माबाद कस्बे में न्यायिक हिरासत में रखे गए नायडू और 74 अन्य तेदेपा नेताओं ने गोदावरी नदी पर बाबली बांध के निरीक्षण की अनुमति की मांग को लेकर एक दिन की भूख हड़ताल शुरू की है।
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री अशोक चव्हाण ने इस मांग को खारिज करते हुए कहा कि इससे कानून और व्यवस्था की समस्या पैदा हो सकती है।
नायडू और उनके 74 समर्थकों को शुक्रवार को निषेधात्मक आदेशों का उल्लंघन करने और महाराष्ट्र में प्रवेश करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। गिरफ्तार लोगों में अधिकतर वर्तमान और पूर्व विधायक तथा सांसद हैं।
नायडू और उनके समर्थकों ने जमानत लेने से इंकार कर दिया और वे तीन दिनों से धर्माबाद आईटीआई में न्यायिक हिरासत में हैं।
आंध्र प्रदेश और महाराष्ट्र की सीमा पर भी तनाव बढ़ रहा है। नायडू की गिरफ्तारी का विरोध करने के लिए लिए तेदेपा की धर्माबाद से लगे आदिलाबाद जिले में एक रैली निकालने की योजना है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications