मानसून सत्र के पहले संप्रग नेताओं की बैठक, पवार अनुपस्थित
नई दिल्ली, 19 जुलाई (आईएएनएस)। संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) के नेताओं की एक बैठक सोमवार शाम आयोजित की गई। लेकिन इस बैठक में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के नेता और कृषि मंत्री शरद पवार उपस्थित नहीं हुए। यह बैठक 26 जुलाई से शुरू हो रहे संसद के मानसून सत्र के पहले आयोजित हुई है।
बैठक में संप्रग के एक और प्रमुख घटक दल, तृणमूल कांग्रेस की अध्यक्ष और रेल मंत्री ममता बनर्जी भी अनुपस्थित थीं। रेल दुर्घटना के कारण वह पश्चिम बंगाल में हैं।
संप्रग की समन्वय समिति की बैठक प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के आवास पर हुई। बैठक लगभग 90 मिनट चली। बैठक में डीएमके से टी.आर.बालू, नेशनल कांफ्रेंस से केंद्रीय नवीन एवं अक्षय ऊर्जा मंत्री फारुक अब्दुल्ला, मुस्लिम लीग से रेल राज्य मंत्री ई.अहमद, आल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लमीन से असादुद्दीन ओवैसी और राकांपा से नागरिक उड्डयन मंत्री प्रफुल्ल पटेल ने हिस्सा लिया।
केंद्रीय गृह मंत्री पी.चिदंबरम ने कहा कि पवार निजी कारणों से बैठक में नहीं आ पाए।
बैठक के बाद संवाददताओं को संबोधित करते हुए चिदंबरम ने कहा कि मानसून सत्र, खासतौर से विधेयकों से संबंधित मुद्दों पर चर्चा हुई।
कांग्रेस अध्यक्ष और संप्रग की अध्यक्ष सोनिया गांधी और वित्त मंत्री प्रणब मुखर्जी भी बैठक में उपस्थित थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications