पटरियों पर नक्सली बैनर मिले, रेल गाड़ियां स्थगित
कोलकाता, 19 जुलाई (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल के पश्चिम मिदनापुर जिले में झारग्राम और खाटकुरा हाल्ट स्टेशनों के बीच रेल पटरियों पर नक्सलियों के बैनर मिलने के बाद सोमवार को दक्षिण-पूर्व रेलवे के झारग्राम-टाटानगर खंड पर रेल सेवाएं स्थगित कर दी गईं।
दक्षिण-पूर्व रेलवे के प्रवक्ता ने बताया, "इस रेल खंड से गुजर रही एक मालगाड़ी के चालक ने पटरियों पर बैनर देखे और उसने वरिष्ठ अधिकारियों को इसकी सूचना दी।"
उन्होंने बताया, "इस खंड पर रेलगाड़ियों का परिचालन सुरक्षा कारणों से तत्काल बंद कर दिया गया।"
प्रवक्ता ने बताया, "समूचे रेल खंड पर तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। सुरक्षा अधिकारियों से स्पष्टीकरण मिलने के बाद ही गाड़ियों का परिचालन शुरू किया जाएगा।"
उल्लेखनीय है कि राज्य के तीन पश्चिमी जिले- पश्चिमी मिदनापुर, बांकुरा एवं पुरुलिया में नक्सली सक्रिय हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications