नंदी पर हमले के 2 आरोपी न्यायिक हिरासत में भेजे गए
इलाहाबाद, 19 जुलाई (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के संस्थागत वित्त मंत्री नंद गोपाल नंदी पर हमले के मामले में आरोपी दिलीप मिश्रा और महेंद्र मिश्रा को सोमवार को अदालत में पेश किया गया। अदालत ने दोनों को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।
दोनों आरोपियों को कड़ी सुरक्षा के बीच इलाहाबाद के मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी (सीजेएम) अब्दुल जलील की अदालत में पेश किया गया। सीजेएम ने दोनों को दो अगस्त तक न्यायिक हिरासत में नैनी जेल भेज दिया।
इस दौरान दोनों की तरफ से अदालत में प्रार्थना पत्र दिया गया कि पेशी के दौरान उनकी हत्या हो सकती है। इस पर अदालत ने राज्य सरकार को निर्देश दिया कि पेशी पर लाने और ले जाने के दौरान दोनों की सुरक्षा की व्यवस्था सुनिश्चिचत की जाए।
उल्लेखनीय है कि इससे पहले हत्या के एक मामले में दिलीप मिश्रा आगरा और महेंद्र मिश्रा बदायूं जेल में बंद था।
मंत्री पर हमले के मामले में पुलिस ने गत बुधवार को नैनी इलाके से कृपाशंकर पांडेय और राजेश यादव को गिरफ्तार किया था। दोनों ने पूछताछ में पूरे मामले का खुलासा किया था। इन दोनों से पूछताछ के बाद जिन आधा दर्जन लोगों के नाम सामने आए, उनमें से पुलिस फिलहाल किसी को गिरफ्तार नहीं कर पाई है।
कृपाशंकर और राजेश को पुलिस ने गत 16 जुलाई को इलाहाबाद सीजेएम की अदालत में पेश किया था। अदालत ने दोनों को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में नैनी जेल भेज दिया था।
मालूम हो कि मंत्री को निशाना बनाकर गत 12 जुलाई को इलाहाबाद के मुट्ठीगंज स्थित उनके आवास के बाहर विस्फोट किया गया था। इस बम हमले में राकेश मालवीय नाम के एक व्यक्ति की मौत हो गई थी, जबकि मंत्री के अलावा चार अन्य लोग जख्मी हो गए थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications