रैगिंग रोकेगी महिला पुलिस और सीसीटीवी
दिल्ली पुलिस के प्रवक्ता राजन भगत ने बताया कि रैगिंग को रोकने के लिए पुलिस विश्वविद्यालय प्रशासन के साथ लगातार संपर्क बनाए हुई है।
भगत ने आईएएनएस को बताया, "विश्वविद्यालय परिसर में रैगिंग या इस तरह की कोई घटना नहीं होने दी जाएगी। इसके लिए छात्रों को मौखिक, लिखित या किसी भी तरह की मदद मांगने की अनुमति होगी। हम महिला पुलिसकर्मियों को तैनात करेंगे, पीसीआर की व्यवस्था रखेंगे और किसी भी स्थिति से निपटने के लिए विश्वविद्यालय के अधिकारियों के साथ लगातार संपर्क में रहेंगे।"
उल्लेखनीय है कि रैगिंग-विरोधी उपायों पर विमर्श के लिए शनिवार को विश्वविद्यालय के कुलानुशासक, कालेजों के प्राचार्य, दिल्ली विश्वविद्यालय के छात्रावासों के वार्डन एवं दिल्ली पुलिस के साथ बैठक की गई थी।
भगत ने कहा, "हमने निर्णय लिया है कि शैक्षणिक संस्थान एवं पुलिस आपसी समन्वय रखते हुए कार्य करेंगे और रैगिंग की किसी घटना को गंभीरता से लेंगे।"
उन्होंने बताया कि समूचे परिसर में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे, ताकि झुंड बनाकर घूमते हजारों नए छात्रों तथा स्थिति पर नजर रखी जा सके।
प्रवक्ता ने यह भी बताया, "पहले दिन परिसर में नए छात्र पहुंचेंगे। इसको देखते हुए हमने परिसर को 'रैगिंग रहित' बनाने के लिए व्यापक प्रचार अभियान चलाया है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications