कृष्णा काबुल रवाना, क्लिंटन से मिलने की संभावना
नई दिल्ली, 19 जुलाई (आईएएनएस)। विदेश मंत्री एस. एम. कृष्णा सोमवार को काबुल की दो दिवसीय यात्रा पर रवाना हो गए। वह वहां अफगानिस्तान पर हो रहे एक सम्मेलन में भाग लेंगे।
संभावना जताई जा रही है कि कृष्णा विवादित तालिबान की समाधान योजना पर भारत की चिंताओं को उठाएंगे। साथ ही कृष्णा के अमेरिकी विदेश मंत्री हिलेरी क्लिंटन से मिलने की संभावना है। इस बैठक में क्लिंटन सहित दुनिया के 70 देशों के विदेश मंत्री और प्रतिनिधि हिस्सा ले रहे हैं।
सन 1970 के दशक के बाद पहली बार इतनी बड़ी संख्या में विदेशी नेता अफगानिस्तान में इकट्ठा हो रहे हैं।
संभावना जताई जा रही है कि कृष्णा अपने दौरे के दौरान तालिबान के प्रस्तावित एकीकरण के बारे में भारत की चिंताओं से अवगत कराएंगे। प्रस्तावित एकीकरण में अपेक्षाकृत उदार तालिबान को धन और रोजगार का प्रस्ताव देकर सरकार के साथ लाने की बात कही गई है।
इस योजना को छह माह पूर्व अफगानिस्तान के बारे में लंदन में हुई बैठक में मंजूर किया गया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications