नायडू की न्यायिक हिरासत बढ़ी, आंध्र में बंद का मिला-जुला असर (लीड-1)
महाराष्ट्र की नांदेड़ जिला अदालत ने सोमवार को नायडू एवं 74 अन्य पार्टी नेताओं की न्यायिक हिरासत अवधि बढ़ा दी हालांकि यह कितने दिनों के लिए बढ़ाई गई अभी स्पष्ट नहीं है।
उल्लेखनीय है कि न्यायिक मजिस्ट्रेट ने जमानत लेने से इंकार करने पर तेदेपा नेताओं को शनिवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया था। नेताओं ने धर्माबाद आईटीआई में तीसरी रात गुजारी। वे बाबली परियोजना स्थल का दौरा किए बिना लौटने को राजी नहीं हैं।
इस बीच महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री अशोक चव्हाण ने कानून और व्यवस्था बिगड़ने की आशंका बताते हुए उनकी मांग को ठुकरा दिया है।
तेलुगू देशम पार्टी (तेदेपा) अध्यक्ष एन.चंद्रबाबू नायडू की महाराष्ट्र के नांदेड़ में गिरफ्तारी के विरोध में तेदेपा द्वारा सोमवार को रखे गए बंद से आंध्र प्रदेश के कुछ हिस्सों में जनजीवन प्रभावित हुआ और हिंसा की छिटपुट घटनाओं की सूचना मिली।
हैदराबाद और 22 अन्य जिलों में बंद का मिलाजुला असर रहा। तेदेपा कार्यकर्ताओं के विरोध प्रदर्शनों के कारण आंध्र प्रदेश राज्य परिवहन निगम ने सेवाओं को आंशिक रूप से स्थगित किया। प्रदर्शनकारियों ने हैदराबाद के सनाथनगर क्षेत्र में एक बस को आग के हवाले कर दिया जबकि खम्मम जिले से बसों पर पत्थर फेंकने की घटनाओं की सूचना मिली।
हैदराबाद, विशाखापट्टनम, विजयवाड़ा, काकीनाडा, तिरुपति और गुंटूर जिलों के कुछ हिस्सों में शिक्षण संस्थाएं, दुकानें और व्यापारिक प्रतिष्ठान बंद रहे।
विभिन्न जिलों में सड़क जाम और दुकानों को बलपूर्वक बंद कराने का प्रयास कर रहे दर्जनों तेदेपा कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया गया। राष्ट्रीय राजमार्ग और प्रदेश की सड़कों पर प्रदर्शनकारियों के जाम की वजह से वाहनों की आवाजाही प्रभावित रही।
तेदेपा कार्यकर्ताओं ने कुछ इलाकों में रेल परिवहन में भी बाधा पहुंचाई। प्रदर्शनकारियों ने रंगा रेड्डी जिले के तंदूर में हैदराबाद-मुंबई हुसैन सागर एक्सप्रेस और वारंगल जिले के घानपुर स्टेशन पर गुंटूर-सिकंदराबाद गोलकोंडा एक्सप्रेस को रोका।
महाराष्ट्र के धर्माबाद में न्यायिक हिरासत में रखे गए नायडू और अन्य तेदेपा नेताओं से मुलाकात के लिए वहां जा रहे तेदेपा के राज्य सभा सदस्य एन. हरिकृष्णा को अदिलाबाद के बसरा में पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। हरिकृष्णा नायडू के दामाद हैं, उन्हें निजामाबाद भेजा गया।
पुलिस ने सिकंदराबाद में बंद लागू करने के लिए दबाव बनाने की कोशिश कर रहे पूर्व मंत्री टी. श्रीनिवास सहित 50 तेदेपा कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया।
हैदराबाद में सड़क परिवहन बाधित करने की कोशिश कर रहे पूर्व मेयर टी. कृष्ण रेड्डी और अन्य तेदेपा नेताओं को गिरफ्तार कर लिया गया। वारंगल जिले के घानपुर में पूर्व मंत्री के. श्रीहरि सहित 50 तेदेपा कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया गया।
महाराष्ट्र सड़क परिवहन ने सतर्कता बरतते हुए आंध्र प्रदेश के लिए अपनी बस सेवाओं को रद्द कर दिया है।
वैसे कुछ इलाकों में बंद का असर कम रहा। इन इलाकों में सामान्य परिवहन जारी रहा और दुकानें खुली रहीं। आईटी जिला साइबराबाद में कामकाज अप्रभावित रहा।
महाराष्ट्र के नांदेड़ जिले के धर्माबाद कस्बे में न्यायिक हिरासत में रखे गए नायडू और 74 अन्य तेदेपा नेताओं ने गोदावरी नदी पर बाबली बांध के निरीक्षण की अनुमति की मांग को लेकर एक दिन की भूख हड़ताल शुरू की है।
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री अशोक चव्हाण ने इस मांग को खारिज करते हुए कहा कि इससे कानून और व्यवस्था की समस्या पैदा हो सकती है।
नायडू और उनके 74 समर्थकों को शुक्रवार को निषेधात्मक आदेशों का उल्लंघन करने और महाराष्ट्र में प्रवेश करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। गिरफ्तार लोगों में अधिकतर वर्तमान और पूर्व विधायक तथा सांसद हैं।
नायडू और उनके समर्थकों ने जमानत लेने से इंकार कर दिया और वे तीन दिनों से धर्माबाद आईटीआई में न्यायिक हिरासत में हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications