फहीम अंसारी अदालत में पेश
मुंबई पर 26/11 के आतंकवादी हमले में शामिल होने के आरोप से बरी अंसारी व अन्य छह आरोपियों को सोमवार को कड़ी सुरक्षा के बीच रामपुर की विशेष अदालत में पेश किया गया।
अंसारी के वकील मोहम्मद शोएब ने अदालत के समक्ष अंसारी की जमानत की याचिका दायर की। अदालत ने मामले की अगली सुनवाई के लिए दो अगस्त की तारीख तय कर दी।
अंसारी फिलहाल बरेली केंद्रीय कारागार में है। वह विस्फोटक अधिनियम, शस्त्र अधिनियम, जालसाजी और आपराधिक षड्यंत्र रचने के आरोपों का सामना कर रहा है।
सीआरपीएफ शिविर पर हमले के एक महीने बाद अंसारी को रामपुर से ही फर्जी पाकिस्तानी पासपोर्ट और हथियारों के साथ गिरफ्तार किया गया था।
ज्ञात हो कि 31 दिसंबर, 2007 की रात रामपुर सीआरपीएफ कैंप पर आतंकियों के हमले में सात सुरक्षाकर्मी और एक नागरिक की मौत हुई थी। पुलिस ने इस मामले में अंसारी के अलावा सात लोगों को आरोपी बनाया था। एक अन्य आरोपी सबाउद्दीन को पुलिस ने अदालत में पेश नहीं किया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications