अर्जेटीना में घरेलू हिंसा में 40 फीसदी इजाफा
ब्यनूस आयर्स, 15 जुलाई (आईएएनएस)। अर्जेटीना में घरेलू हिंसा के मामलों में पिछले साल की अपेक्षा इस साल 40 फीसदी का इजाफा हुआ है। आंकड़ों की माने तो इस वर्ष छह महीने के भीतर ही घरेलू हिंसा में कुल 126 महिलाओं की मौत हो गई।
समाचार एजेंसी ईएफई के मुताबिक यह आंकड़े 'ला कासा डेल इनक्यनटरो' संगठन की तरफ से जारी किए गए हैं। आंकड़े अर्जेटीना के मीडिया में प्रसारित रपटों के आधार पर तैयार किए गए हैं।
संगठन की समन्वयक फबीना तुनेज ने कहा, "आधिकारिक आंकड़ों के आभाव में अखबारों में छपे लेखों के अधार पर इसे तैयार किया गया है।"
इस वर्ष के पहले छह महीने के भीतर घरेलू हिंसा से जुड़े मामलों की कुल 126 पीड़ितों में से केवल 18 ने ही शिकायत की थी। घरेलू हिंसा में महिलाओं के वर्तमान अथवा पूर्व पतियों तथा पुरुष मित्रों से जुड़े मामले अधिक हैं।
आंकड़ों के मुताबिक घरेलू हिंसा के अधिकांश मामले अर्जेटीना के ब्यूनस आयर्स शहर में दर्ज किए गए।
तुनेज ने यौन हिंसा से जुड़े मामलों को रोकने के लिए लोक नीतियों को लागू करने और इसके विरुद्ध स्कूलों में जागरुकता अभियान चलाने की सरकार से मांग की है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications