श्रीनगर में बंद से जनजीवन प्रभावित
श्रीनगर, 15 जुलाई (आईएएनएस)। कश्मीर घाटी में प्रशासन द्वारा लगाए गए ऐहतियाती प्रतिबंध हटा लेने के बावजूद अलगाववादियों के बंद से श्रीनगर में गुरुवार को सामान्य जनजीवन प्रभावित रहा।
अलगाववादी नेता सैयद अली शाह गिलानी ने मानवाधिकारों के कथित उल्लंघन के विरोध में दो दिनों के बंद का आह्वान किया है। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया, "प्रतिबंध पूरी घाटी से हटा लिए गए हैं। गुरुवार को कहीं भी कर्फ्यू और प्रतिबंध नहीं लगाया गया।"
बंद की वजह से श्रीनगर में दुकानें, शैक्षणिक संस्थान, बैंक, सार्वजनिक यातायात और अन्य कारोबारी प्रतिष्ठान बंद रहे। बुधवार को यहां की सड़कों पर कुछ ऑटो और टैक्सियां ही देखी गई थीं।
बटमालू इलाके में कुछ स्थानीय लोग सड़कों पर उतर आए। सुरक्षा बलों और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प की आशंका के मद्देनजर शहर के ज्यादातर इलाकों से सुरक्षा बल हटा लिए गए हैं।
पुलिस महानिरीक्षक (कश्मीर क्षेत्र) फारुक अहमद ने बताया, "हम स्थिति पर पैनी नजर बनाए हुए हैं।"
पिछले कुछ दिनों से कश्मीर घाटी में स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है। तनाव की वजह प्रदर्शन और पथराव रहा है। हिंसा की वजह से घाटी में 15 लोग मारे जा चुके हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications