'सईद, लखवी, 4 अन्य के विरुद्ध गैरजमानती वारंट जारी हो'
नई दिल्ली, 15 जुलाई (आईएएनएस)। राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने भारत विरोधी और आतंकवादी गतिविधियों में शामिल हाफिज सईद एवं जकी-उर-रहमान लखवी, पाकिस्तान के दो सैन्य अधिकारी तथा मुंबई हमले की साजिश में शामिल दो पाकिस्तानी नागरिकों के विरुद्ध गैरजमानती वारंट जारी करने की मांग की है।
एनआईए ने नया कानूनी कदम उठाते हुए दिल्ली के जिला एवं सत्र न्यायालय के समक्ष डेविड हेडली और तहव्वुर राना के विरुद्ध गैरजमानती वारंट जारी करने संबंधी याचिका वापस ले ली। मुंबई हमले के सिलसिले में दोनों की गिरफ्तारी अमेरिका में हो चुकी है।
एनआईए ने यह कदम इसी दिन उठाया है, जब विदेश मंत्री एस.एम. कृष्णा इस्लामाबाद में अपने पाकिस्तानी समकक्ष शाह महमूद कुरैशी के साथ वार्ता की और 18 महीने पहले हुए मुंबई हमले के दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने पर जोर दे रहे हैं।
कृष्णा ने हेडली के लश्कर-ए-तैयबा से रिश्ते होने की स्वीकारोक्ति एवं मुंबई हमले के लिए जिम्मेदार सईद और अन्य के खिलाफ 'पर्याप्त सबूत' का हवाला देते हुए पाकिस्तान से उनके विरुद्ध तुरंत कार्रवाई करने को कहा है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications