भारत, पाकिस्तान शांति प्रक्रिया को आगे बढ़ाने को तैयार
इस्लामाबाद, 15 जुलाई (आईएएनएस)। मुंबई आतंकवादी हमले के बाद भारत और पाकिस्तान के संबंधों में आई कड़वाहट मिटाने एवं परस्पर विश्वास बहाली की दिशा में आगे बढ़ने के लिए दोनों देशों के विदेश मंत्री गुरुवार को महत्पूर्ण वार्ता की तैयारी में हैं।
विदेश मंत्री एस. एम. कृष्णा इस वार्ता के लिए अपने तीन दिन की पाकिस्तान यात्रा पर बुधवार को इस्लामाबाद पहुंचे। कृष्णा और उनका प्रतिनिधिमंडल यहां के विदेश मंत्री शाह महमूद कुरैशी और उनके सहयोगियों से मुलाकात करेगा और इसके बाद दोनों पक्ष मीडिया से भी रू-ब-रू होंगे।
दोनों देशों के प्रधानमंत्रियों के बीच अप्रैल में दक्षेस शिखर सम्मेलन के दौरान हुई मुलाकात के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच यह सबसे महत्वपूर्ण संवाद होगा। प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और उनके पाकिस्तानी समकक्ष यूसुफ रजा गिलानी ने भूटान में दक्षेस शिखर सम्मेलन के दौरान मुलाकात की थी।
दोनों देशों के बीच अब तक हुई उच्च स्तरीय बैठकों में हाथ मिलाने और मौखिक प्रतिबद्धताओं के बावजूद दोनों देशों के बीच गंभीर मतभेद यथावत रहे। यह बात उस समय भी जाहिर हुई जब पाकिस्तान पहुंचने पर कृष्णा ने कहा कि भारत चाहता है कि पाकिस्तान डेविड कोलमैन हेडली के खुलासों पर दृढ़ता के साथ और निर्णायक ढंग से कार्रवाई करे।
हेडली से पूछताछ के बाद अब भारतीय अधिकारियों का पक्ष है कि मुंबई हमले को अंजाम देने में लश्कर-ए-तैयबा अकेले नहीं था बल्कि इसमें पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी की भी संलिप्तता थी। इस हमले में लगभग 166 लोग मारे गए थे। दूसरी ओर पाकिस्तानी अधिकारी इससे इंकार करते हैं।
कृष्णा और कुरैशी की वार्ता के बीच जम्मू एवं कश्मीर में बढ़ती घुसपैठ का मामला भी उठेगा। यह इसलिए भी संभव है क्योंकि इन दिनों कश्मीर घाटी में पिछले कुछ दिनों से स्थिति तनावपूर्ण है। तनाव की वजह प्रदर्शन और पथराव रहा है। हिंसा के दौरान घाटी में 15 लोग मारे गए हैं।
भारत और पाकिस्तान के बीच कई मसलों पर घोर मतभेदों के बावजूद दोनों देशों के अधिकारी इस बात की उम्मीद पाले हैं कि वे संबंधों में सुधार की दिशा में महत्वपूर्ण प्रगति कर सकते हैं।
भारतीय विदेश मंत्री और कुरैशी इस अहम वार्ता के बाद पाकिस्तानी प्रधानमंत्री गिलानी और राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी से भी मुलाकात करेंगे। शुक्रवार को स्वदेश रवाना होने से पहले कृष्णा पूर्व प्रधानमंत्री नवाज शरीफ सहित पाकिस्तान के विभिन्न दलों के नेताओं से भी मुलाकात करेंगे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications