उप्र के कई हिस्सों में बारिश
लखनऊ, 15 जुलाई (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में लगातार बारिश होने से अधिकतम तापमान में गिरावट का रुख बरकरार है। लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिली है लेकिन अभी तक मानसून सक्रिय नहीं हो पाया है।
राज्य के गोरखपुर, वाराणसी, गाजीपुर, इलाहाबाद, मिर्जापुर, संत कबीर नगर, बांदा, झांसी सहित विभिन्न जिलों में बुधवार शाम बारिश हुई।
मौसम विभाग के अधिकारियों के अनुसार मानसून के सक्रिय होने में तीन-चार दिन का समय लग सकता है। साथ ही अगले 24 घंटों के दौरान राज्य के अधिकांश हिस्सों खासकर पूर्वाचल में हल्की बारिश की संभावना बनी हुई है। कुछ स्थानों पर तेज बारिश भी हो सकती है।
पिछले 24 घंटों के दौरान राजधानी लखनऊ का अधिकतम तापमान 34 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राज्य के अन्य इलाकों में भी अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस के आस-पास रहा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications