बंदरगाह के कबाड़खाने में पड़े रसायनों की रिपोर्ट तलब
नई दिल्ली, 15 जुलाई (आईएएनएस)। केंद्रीय जहाजरानी मंत्रालय ने गुरुवार को सभी पोर्ट ट्रस्ट से 21 जुलाई तक बंदरगाह के कबाड़खाने में पड़े खतरनाक और ज्वलनशील पदार्थो की रिपोर्ट मांगी है।
आधिकारिक विज्ञप्ति में कहा गया है कि मंत्रालय ने रिपोर्ट तब मांगी है जब मुंबई बंदरगाह के कबाड़खाने में क्लोरीन गैस के रिसाव से लगभग 100 लोग बीमार हो गए।
विज्ञप्ति के अनुसार यह जानकारी मांगी गई है कि विभिन्न बंदरगाहों के कबाड़खाने में कितने दिनों से कौन-कौन से पदार्थ एवं रसायन पड़े हुए हैं।
ब्योरे में विभिन्न बंदरगाहों के कबाड़खानों में पड़े पदार्थो की मात्रा और तकनीकी वर्गीकरण (कौन-सा खतरनाक है और कौन-सा नहीं) मांगा गया है। मंत्रालय ने बंदगाह के अधिकारियों से यह भी पूछा है कि बेकार पड़ी वस्तुओं के निस्तारण के लिए पहले कोई कार्रवाई की गई थी या नहीं।
मंत्रालय ने फिलहाल निर्देश दिया है कि सीमा शुल्क विभाग एवं अन्य प्रवर्तन एजेंसियों के कब्जे में पड़ी वस्तुओं को जल्द से जल्द गोदाम में भेजा जाए तथा संबंधित एजेंसी इन वस्तुओं का निस्तारण करवाए, ताकि बंदरगाह परिसर में फिर ऐसी दुर्घटना न हो।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications