'खाद्य सुरक्षा के लिए कोई खतरा नहीं'
चण्डीगढ़, 15 जुलाई (आईएएनएस)। पंजाब के कृषि अधिकारियों का कहना है कि पंजाब में हाल ही में आई बाढ़ से लाखों रुपये की फसल नष्ट होने के बावजूद देश में खाद्य सुरक्षा के लिए कोई संकट नहीं है क्योंकि प्रभावित किसानों को दोबारा बुआई के लिए अतिरिक्त बीज उपलब्ध कराए गए हैं।
कृषि विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने आईएएनएस से कहा कि बाढ़ के कारण धान की पैदावार में ज्यादा गिरावट की आशंका नहीं है। एक लाख एकड़ जमीन में धान की पैदावार नष्ट होने का मतलब प्रदेश में कुल पैदावार में केवल एक प्रतिशत की कमी आना है।
उन्होंने कहा, "इसके अलावा नुकसान वाले इलाके के 50 प्रतिशत हिस्से में दोबारा बुआई की जाएगी इसके लिए प्रभावित किसानों को बीजों का वितरण किया गया है। खाद्य सुरक्षा के लिए कोई संकट की स्थिति नहीं है। "
प्रदेश कृषि विभाग के निदेशक बलविंदर सिंह सिद्धू ने आईएएनएस से कहा कि अभी प्रदेश के सभी बाढ़ प्रभावित जिलों में फसलों को हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
उन्होंने कहा, "आकलन की यह प्रक्रिया गुरुवार शाम तक पूरी हो जाएगी और हम शुक्रवार तक फसलों को हुए कुल नुकसान के बारे में टिप्पणी करने में सक्षम हो पाएंगे।"
उन्होंने कहा कि अभी तक हमने 2,94,397 एकड़ जमीन में फसलों के नुकसान का आकलन किया है लेकिन हमें उम्मीद है कि वास्तविक आकलन के बाद इस अनुमान में कमी आएगी।
पिछले दिनों आई बाढ़ के चलते पंजाब के पटियाला, संगरूर, मोहाली, लुधियाना, फतेहगढ़, साहिब, मोगा और मानसा जिलों में धान और अन्य फसलों को नुकसान हुआ है।
सिद्धू ने कहा कि प्रभावित इलाकों में हुए नुकसान का आकलन करने के लिए केंद्र सरकार की ओर से अधिकारियों की एक टीम भी शुक्रवार को पहुंचने की उम्मीद है।
दूसरी ओर पिछले दिनों इस क्षेत्र में हुई भारी बारिश के चलते भाखड़ा और पोंग बांधों का जलस्तर बढ़ गया है जिससे कृषि के लिए ज्यादा पानी मिलने की उम्मीद है।
बुधवार को भाखड़ा बांध का जलस्तर 1,558.06 फुट दर्ज किया गया था जो कि पिछले साल की इसी अवधि की तुलना में 19.12 फुट ज्यादा है। पोंग बांध का जलस्तर भी पिछले साल की इसी अवधि की तुलना में 18.79 फुट ज्यादा है।
भाखड़ा व्यास प्रबंधन बोर्ड (बीबीएमबी) के संयुक्त निदेशक (जनसंपर्क) वी. पी. शर्मा ने कहा, "भाखड़ा और पोंग बांध का मौजूदा जलस्तर काफी बेहतर है। हमें उम्मीद है कि 20 सितंबर तक भाखड़ा बांध का जलस्तर 1,680 फुट और पोंग बांध का जलस्तर 1,390 फुट हो जाएगा।"
उन्होंने कहा, "यह सच है कि प्रशासन के पास सिंचाई और ऊर्जा उत्पादन के लिए ज्यादा पानी होगा लेकिन बीबीएमबी इस काम में हस्तक्षेप नहीं करेगा क्योंकि हमारा काम केवल पानी का प्रबंधन करना है लेकिन पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश और राजस्थान के लिए जरूर यह खुशखबरी है।"
पंजाब के नंगल कस्बे में स्थित भाखड़ा बांध 225 मीटर ऊंचा है और पंजाब से लगी हिमाचल प्रदेश की सीमा में स्थित पोंग बांध सतलुज नदी पर बना है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications