हरियाणा, पंजाब में राहत कार्य जारी, सिरसा डूबा (राउंडअप)

चण्डीगढ़, 12 जुलाई (आईएएनएस)। हरियाणा का सिरसा जिला डूबने के कगार पर है, क्योंकि उफनती घग्गर नदी के पानी ने सोमवार को लगभग एक दर्जन गांवों में 14,000 एकड़ भूमि को जलमग्न कर दिया है।

हरियाणा के मुख्य संसदीय सचिव प्रहलाद सिंह गिलखेड़ा ने कहा, "जिला प्रशासन ने सिरसा जिले के किसी भी गांव में आबादी वाले इलाकों में बाढ़ के पानी के प्रवेश को रोकने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए हैं। प्रभावित गांवों में फरवई कलां, नेजा डेला, मालेवाला, पनिहारी, बुर्जकर्मगढ़ और मुसाहिबवाला शामिल हैं।"

गिलखेड़ा ने कहा, "घग्गर का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है और फिलहाल इसमें 25,000 क्यूसेक पानी बह रहा है। आसपास के इलाकों में हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया है। यह संकट नदी के तटबंध में पंजाब के झंडा खुर्द गांव में रविवार सुबह आई दरार के कारण पैदा हुआ है।"

हरियाणा के मुख्यमंत्री भूपिंदर सिंह हुड्डा सिरसा और फतेहाबाद के बाढ़ प्रभावित इलाकों का मंगलवार को दौरा कर सकते हैं।

हरियाणा के अंबाला, कुरुक्षेत्र, कैथल और फतेहाबाद जिले पिछले कुछ दिनों से पानी में डूबे हुए हैं। लेकिन अधिकारी कह रहे हैं कि हालात सुधर रहे हैं।

हरियाणा के वित्त आयुक्त एवं प्रधान सचिव (आपदा प्रबंधन) नरेश गुलाटी ने कहा, "बाढ़ प्रभावित जिलों में हालात सुधर रहे हैं। हमने राज्य के सभी उपायुक्तों को सभी एहतियाती कदम उठाने के निर्देश दिए हैं, क्योंकि 14 लुलाई की सुबह तक हरियाणा के विभिन्न स्थानों में भारी बारिश होने की उम्मीद है।"

दूसरी ओर हरियाणा सरकार ने सोमवार को कहा कि पंजाब सरकार को उन 'असामाजिक तत्वों' के खिलाफ आपराधिक कार्रवाई करनी चाहिए जो घग्गर नदी तटबंधों में आईं दरारों के लिए जिम्मेदार हैं और जिन्होंने सूखी सतलज-यमुना लिंक (एसवाईएल) नहर में पानी छोड़ा, जिस कारण दोनों राज्यों में बाढ़ आ गई।

पंजाब और हरियाणा के बाढ़ प्रभावित इलाकों में सोमवार को राहत और बचाव कार्य जारी हैं। घग्गर नदी के तटबंधों में आई दरार को पाटने के काम में सेना के जवानों की मदद ली जा रही है।

हरियाणा के सिंचाई मंत्री अजय सिंह यादव ने संवाददाताओं से कहा, "प्रारंभिक जांच में पंजाब क्षेत्र की नदियों और नहरों के तटबंधों में मानव निर्मित दरारें पाई गई हैं।"

उन्होंने कहा, "पंजाब के कुछ असामाजिक तत्वों की कारिस्तानी के कारण हरियाणा में बाढ़ आई, वरना ऐसी नौबत नहीं आती।"

यादव ने कहा कि एसवाईएल नहर की सीमित क्षमता है और अधिक मात्रा में पानी छोड़े जाने के कारण हरियाणा क्षेत्र के तटबंधों में भी दरारें आईं।

उन्होंने कहा, "हम आरोपियों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं कर सकते, क्योंकि यह हमारे अधिकार क्षेत्र में नहीं आता। इसलिए यह पंजाब सरकार का दायित्व है कि वह आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कराए और उन पर कड़ी कार्रवाई करे।"

हरियााणा सरकार के मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा के सलाहकार आर.एन. पाराशर ने सोमवार को कहा कि एसवाईएल नहर में कटाव संयुक्त पहरेदारी से ही रोका जा सकता है।

सिंचाई विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ रविवार को दोनों राज्यों में एसवाईएल नहर का मुआयना कर चुके पाराशर ने कहा कि कटाव पंजाब के किसानों ने किया, जिस कारण हरियाणा में बाढ़ आई।

उन्होंने कहा, "पंजाब के वरिष्ठ अधिकारियों को समस्या से पहले ही अवगत करा दिया गया है और उन्होंने इस मामले में सहयोग देने का आश्वासन दिया है।"

उधर, मानसा जिले के उपायुक्त कुमार राहुल ने आईएएनएस से कहा, "घग्गर नदी के तटबंधों में आई दरार और पानी के भारी प्रवाह से मानसा जिले के कई गांव पानी में डूब गए हैं। सैकड़ों एकड़ कृषि भूमि पर पानी भर गया है। समीप के कई गांवों में अभी भी बाढ़ का खतरा है। हमने मदद के लिए सेना से आग्रह किया।"

उन्होंने कहा कि सेना के जवान जिला प्रशासन के साथ काम कर रहे हैं और कटानों को शीघ्र ही बंद कर देने की उम्मीद है।

हरियाणा के फतेहाबाद जिले में भी सेना की मदद मांगी गई है जहां घग्गर नदी के तटबंध में आई दरार से 30 से अधिक गांवों में बाढ़ आ गई।

फतेहाबाद जिले के एक अधिकारी ने बताया कि पानी का बहाव काफी तेज है और करीब 30 गांव बाढ़ से प्रभावित हुए। ग्रामीणों को पैकेटबंद भोजन, पानी और दवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।

पंजाब के सिंचाई विभाग के अधिकारियों ने कहा कि नदियों और नहरों में पानी का बहाव खतरनाक स्तर पर है।

पंजाब के मुख्य अभियंता (सिंचाई) अमरजीत सिंह दुल्लत ने आईएएनएस से कहा, "हम बाढ़ की स्थिति पर नजदीकी निगाह रखे हुए हैं। कुछ हिस्सों में पानी का स्तर घटा है लेकिन अन्य स्थानों पर इसका स्तर खतरनाक है। इस समय यह नहीं कह सकते कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। नई दरारों को पाटने का काम जारी है।"

पटियाला, लुधियाना, फतेहगढ़ साहिब, मोहाली और संगरूर जिले के सैकड़ों गांव पिछले हफ्ते आई बाढ़ से प्रभावित हुए हैं।

बाढ़ से पंजाब से 2.5 लाख एकड़ कृषि भूमि प्रभावित हुई है और 763 गांवों के तीन लाख से ऊपर लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कुल 1,966 किलोमीटर लंबी सड़कें क्षतिग्रस्त हुई हैं।

पंजाब में हुई 22 मौतों सहित बाढ़ के कारण अब तक 33 लोगों की मौत हो चुकी है।

इस बीच पंजाब सरकार ने सोमवार को हरियाणा सरकार को आश्वासन दिया कि वह नहरों के तटबंधों में दरार के दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई करेगी। साथ ही आश्वासन दिया कि सतलज-यमुना लिंक (एसएसवाई) नहर में किसी को कटाव नहीं करने दिया जाएगा।

पटियाला (पंजाब) के आयुक्त दीपेंद्र सिंह ने अंबाला (हरियाणा) में अपने समकक्ष समीर पाल को टेलीफोन पर यह आश्वासन दिया।

सिंह ने कहा कि एसवाईएल नहर में आई दरारों को भर दिया गया है और भविष्य में फिर ऐसा न हो, इसके लिए चौकसी बरती जाएगी।

भारतीय सेना के उप-क्षेत्रीय कमांडर ब्रिगेडियर ए.पी. बाम ने बताया कि सेना बाढ़ प्रभावित लोगों को राहत सामग्री पहुंचाने में जुटी हुई है।

इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+