दिल्ली में भारी बारिश, यातायात हुआ बेकाबू (लीड-2)
नई दिल्ली, 12 जुलाई (आईएएनएस)। दिल्ली में सोमवार को हुई भारी बारिश से लोगों को गर्मी से राहत मिली, लेकिन जगह-जगह सड़क जाम हो जाने से दिल्लीवासी काफी परेशान हुए।
यातायाता पुलिस के अनुसार सड़क पर पानी भर जाने से मध्य दिल्ली के प्रधान डाकघर (जीपीओ) के पास वाहनों की आवाजाही थम गई। धौलाकुआं, रिंग रोड, निजामुद्दीन पुल से नोएडा तक, आईटीओ, इंडिया गेट और आश्रम के पास देर तक सड़क पर जाम लगा रहा।
इसके अलावा शहर के उत्तर और उत्तर-पूर्व हिस्सों में भी जाम से लोग परेशान हुए।
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के एक अधिकारी के अनुसार शहर के तापमान में थोड़ी गिरावट आई।
सोमवार को रात 8.30 बजे तक 129.1 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई जो औसत से चार गुना अधिक है। इससे पहले 9.6 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई थी।
अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस, जबकि न्यूनतम 28 डिग्री सेल्सियस रहा। आर्द्रता 60 प्रतिशत से बढ़कर 90 प्रतिशत तक पहुंच गई।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक अगले 24 घंटे के दौरान आसमान में कहीं-कहीं बादल छाए रहेंगे। कुछ इलाकों में बारिश होने की संभावना है।
मंगलवार को अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस, जबकि न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।
एक बैंक कर्मी ने बताया, "सरकारी एजेंसियां हर साल मानसून आने से पहले दावा करती हैं कि जलभराव या सड़क जाम की समस्या पैदा नहीं होगी, लेकिन बारिश के कारण सड़कों पर पानी भर जाने कारण वाहनों की रफ्तार धीमी हो गई। साकेत से पुष्प विहार की दूरी केवल 500 मीटर है, लेकिन इसे तय करने में एक घंटा लग गया।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications