घग्गर के तटबंधों में दरार, 20 और गांवों में बाढ़
बाढ़ प्रभावित पटियाला और संगरूर जिले में बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में पानी कम हुआ है लेकिन सड़क टूट जाने की वजह से कई गांवों से अब भी संपर्क कटा हुआ है।
उधर, हरियाणा का सिरसा जिला डूबने के कगार पर है क्योंकि उफनती घग्गर नदी के पानी ने सोमवार को लगभग एक दर्जन गांवों में 14,000 एकड़ भूमि को जलमग्न कर दिया।
हरियाणा के मुख्य संसदीय सचिव प्रहलाद सिंह गिलखेड़ा ने कहा, "जिला प्रशासन ने सिरसा जिले के किसी भी गांव में आबादी वाले इलाकों में बाढ़ के पानी के प्रवेश को रोकने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए हैं। प्रभावित गांवों में फरवई कलां, नेजा डेला, मालेवाला, पनिहारी, बुर्जकर्मगढ़ और मुसाहिबवाला शामिल हैं।"
गिलखेड़ा ने कहा, "घग्गर का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है और फिलहाल इसमें 25,000 क्यूसेक पानी बह रहा है। आसपास के इलाकों में हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया है। यह संकट नदी के तटबंध में पंजाब के झंडा खुर्द गांव में रविवार सुबह आई दरार के कारण पैदा हुआ है।"
हरियाणा के मुख्यमंत्री भूपिंदर सिंह हुड्डा सिरसा और फतेहाबाद के बाढ़ प्रभावित इलाकों का मंगलवार को दौरा कर सकते हैं।
पंजाब और हरियाणा के बाढ़ प्रभावित इलाकों में सोमवार को राहत और बचाव कार्य जारी हैं। घग्गर नदी के तटबंधों में आई दरार को पाटने के काम में सेना के जवानों की मदद ली जा रही है।
उधर, मानसा जिले के उपायुक्त कुमार राहुल ने आईएएनएस से कहा, "घग्गर नदी के तटबंधों में आई दरार और पानी के भारी प्रवाह से मानसा जिले के कई गांव पानी में डूब गए हैं। सैकड़ों एकड़ कृषि भूमि पर पानी भर गया है। समीप के कई गांवों में अभी भी बाढ़ का खतरा है। हमने मदद के लिए सेना से आग्रह किया।"
हरियाणा के फतेहाबाद जिले में भी सेना की मदद मांगी गई है जहां घग्गर नदी के तटबंध में आई दरार से 30 से अधिक गांवों में बाढ़ आ गई।
पंजाब के मुख्य अभियंता (सिंचाई) अमरजीत सिंह दुल्लत ने आईएएनएस से कहा, "हम बाढ़ की स्थिति पर नजदीकी निगाह रखे हुए हैं। कुछ हिस्सों में पानी का स्तर घटा है लेकिन अन्य स्थानों पर इसका स्तर खतरनाक है। इस समय यह नहीं कह सकते कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। नई दरारों को पाटने का काम जारी है।"
पटियाला, लुधियाना, फतेहगढ़ साहिब, मोहाली और संगरूर जिले के सैकड़ों गांव पिछले हफ्ते आई बाढ़ से प्रभावित हुए हैं।
बाढ़ से पंजाब में 2.5 लाख एकड़ कृषि भूमि प्रभावित हुई है और 763 गांवों के तीन लाख से ऊपर लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कुल 1,966 किलोमीटर लंबी सड़कें क्षतिग्रस्त हुई हैं।
पंजाब में हुई 22 मौतों सहित बाढ़ के कारण अब तक 33 लोगों की मौत हो चुकी है।
इस बीच पंजाब सरकार ने सोमवार को हरियाणा सरकार को आश्वासन दिया कि वह नहरों के तटबंधों में दरार के दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई करेगी। साथ ही आश्वासन दिया कि सतलज-यमुना लिंक (एसएसवाई) नहर में किसी को कटाव नहीं करने दिया जाएगा।
पटियाला (पंजाब) के आयुक्त दीपेंद्र सिंह ने अंबाला (हरियाणा) में अपने समकक्ष समीर पाल को टेलीफोन पर यह आश्वासन दिया।
सिंह ने कहा कि एसवाईएल नहर में आई दरारों को भर दिया गया है और भविष्य में फिर ऐसा न हो, इसके लिए चौकसी बरती जाएगी।
भारतीय सेना के उप-क्षेत्रीय कमांडर ब्रिगेडियर ए.पी. बाम ने बताया कि सेना बाढ़ प्रभावित लोगों को राहत सामग्री पहुंचाने में जुटी हुई है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications
