श्रीनगर में शांति से गुजरा 'शहीद दिवस' (लीड-1)
श्रीनगर, 13 जुलाई (आईएएनएस)। पूरी कश्मीर घाटी में मंगलवार को शांति रही। यह शांति इसलिए भी कि अलगाववादियों के जुलूस को रोकने के लिए कर्फ्यू लगा दिया गया था। अलगाववादियों ने शहीद दिवस के उपलक्ष्य में जुलूस निकालने की घोषणा की थी।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने यहां कहा, "श्रीनगर शहर में दिन भर कर्फ्यू लागू रहा, लेकिन हमने अब बाटमालू इलाके को छोड़ कर बाकी पूरे ऊपरी श्रीनगर में कर्फ्यू में ढील दे दी है।"
अधिकारी ने कहा, "शाम को कर्फ्यू में ढील दिए जाने के साथ ही ऊपरी श्रीनगर की सड़कों पर यातायात शुरू हो गया। फुटपाथ पर दुकान लगाने वाले रेहड़ी वाले भी अपने सामानों को बेचने के लिए बाहर आ गए। मंगलवार को घाटी में कहीं से भी किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं है।" पुलिस अधिकारी ने कहा कि शहर के पुराने इलाकों से भी बाद में कर्फ्यू हटा लिया जाएगा।
लेकिन यहां से 54 किलोमीटर दूर स्थित सोपोर कस्बे में कर्फ्यू बरकरार रहा। यहां कर्फ्यू में दी गई ढील के दौरान घटी पथराव की कुछ घटनाओं के बाद सोमवार को फिर से कर्फ्यू लगा दिया गया है।
मुृख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला और उनके पिता व केंद्रीय नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्री फारुक अब्दुल्ला मंगलवार सुबह, पुराने शहर के नक्शबंद साहिब इलाके में स्थित शहीदों की मजार पर गए और वहां शहीदों को पुष्पांजलि अर्पित की और नमाज अदा की।
पूर्व मुख्यमंत्री व पीपुल डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) के संरक्षक मुफ्ती मोहम्मद सईद ने भी शहीद स्मारक जाकर अपनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
दिन में वीवीआईपी दौरे के मद्देनजर शहीद स्मारक के आसपास केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) और पुलिस की भारी तैनाती की गई थी।
एक अधिकारी ने बताया, "एहतियात के तौर पर पूरे श्रीनगर में सख्ती की गई थी ताकि असामाजिक तत्वों से जानमाल की सुरक्षा की जा सके। "
गौरतलब है कि 13 जुलाई, 1931 को महाराजा हरि सिंह के खिलाफ विद्रोह करने वालों ने श्रीनगर की सेंट्रल जेल पर धावा बोल दिया था। जेल सुरक्षाकर्मियों ने गोलीबारी की थी, जिसमें कई लोग मारे गए थे। इस वजह से 13 जुलाई को कथित शहीद दिवस मनाया जाता है।
उधर, सोमवार को भी घाटी में सख्ती की गई थी। श्रीनगर में बाजार, शैक्षणिक संस्थान, बैंक और कुछ अन्य कारोबारी प्रतिष्ठान बंद रहे। प्रतिबंधों की वजह से पुराने शहर इलाके में जनजीवन सबसे ज्यादा प्रभावित रहा।
गौरतलब है कि बीते बुधवार को श्रीनगर में सुरक्षा बलों की कथित गोलीबारी में तीन लोगों की मौत के बाद घाटी में कर्फ्यू लगा दिया गया था हालांकि हालात में सुधार के बाद कर्फ्यू हटा लिया गया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications