कांग्रेस मुसलमानों की देशभक्ति का अपमान कर रही है : भाजपा
नई दिल्ली, 13 जुलाई (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने मंगलवार को कांग्रेस पर आरोप लगाया कि वह आतंकवाद के खिलाफ उठने वाली आवाज को मुसलमानों के खिलाफ बता कर लाखों मुसलमानों की देशभक्ति का अपमान कर रही है।
भाजपा उपाध्यक्ष मुख्तार अब्बास नकवी ने एक बयान में कहा, "देश के मुसलमान, संसद हमले के दोषी आतंकी, अफजल गुरु और ओसामा बिन लादेन को अपना आदर्श नहीं मानते। लेकिन कांग्रेस पार्टी इसे हिंदू-मुस्लिम आतंकवाद बताकर वास्तविक आतंकवाद से लोगों का ध्यान हटाने की कोशिश कर रही है।"
नकवी ने कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और उनके बेटे व पार्टी महासचिव राहुल गांधी की आतंकवाद, अलगाववाद और नक्सलवाद पर चुप्पी पर सवाल उठाया।
नकवी ने कहा, "भाजपा, कांग्रेस पार्टी को चेतावनी देती है कि वह आतंकवाद पर 'अफजली आंसू' बहाने से बाज आए।"
नकवी ने कहा कि कांग्रेस नेतृत्व वाली संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) सरकार की आतंकवाद के प्रति कमजोर नीति और स्वभाव से देश त्रस्त है। इसके साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस आतंकवाद को कुचलने के बदले उसे बढ़ावा दे रही है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications