कृष्णा पाकिस्तान जाने को तैयार, एजेंडे में आतंकवाद

नई दिल्ली, 13 जुलाई (आईएएनएस)। विदेश मंत्री एस.एम.कृष्णा के इस्लामाबाद दौरे के एक दिन पूर्व भारत ने मंगलवार को तय किया कि बातचीत मुख्यतौर पर आतंकवाद पर केंद्रित होगी। भारत का मानना है आतंकवाद पाकिस्तान द्वारा प्रायोजित है।

इस बीच प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह की अध्यक्षता में सुरक्षा मामलों की कैबिनेट समिति ने द्विपक्षीय विश्वास विकसित करने के लिए मानवीय मुद्दों पर जारी सीमित संवाद को बनाए रखने का कोई रास्ता तलाशने का भी संकल्प लिया।

कृष्णा इस्लामाबाद के तीन दिवसीय दौरे पर बुधवार को रवाना होंगे। नवंबर 2008 में हुए मुंबई हमले के बाद किसी भारतीय विदेश मंत्री की यह पहली पाकिस्तान यात्रा होगी।

सुरक्षा मामलों की कैबिनेट समिति में कृष्णा, वित्त मंत्री प्रणब मुखर्जी, रक्षा मंत्री ए.के.एंटनी और गृह मंत्री पी.चिदंबरम शामिल हैं।

आधिकारिक सूत्रों ने कहा कि समिति की बैठक प्रधानमंत्री के आवास पर हुई। बैठक का एजेंडा, गुरुवार को कृष्णा और पाकिस्तानी विदेश मंत्री शाह महमूद कुरैशी के बीच इस्लामाबाद में होने वाली बातचीत के दौरान भारत का रुख तय करना था।

यह समिति सुरक्षा मामलों पर सर्वोच्च नीति नियामक संस्था है। समिति ने पिछले महीने दोनों देशों के विदेश सचिवों और गृह मंत्रियों के बीच हुई वार्ताओं की समीक्षा की।

समिति में पाकिस्तान के उस आश्वासन पर चर्चा की गई, जिसमें उसने मुंबई हमले के मुकदमे में तेजी लाने और पाकिस्तानी धरती से गतिविधियां चला रहे आतंकी संगठनों के खिलाफ कार्रवाई करने का भरोसा दिया था।

नई दिल्ली महसूस करता है कि पिछले महीने की बातचीत के बावजूद भारत की चिंताओं को दूर करने के लिए इस्लामाबाद की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।

लेकिन दोनों सरकारें अविश्वास कम करने के मूल्य को महसूस करती हैं। क्योंकि इसके बगैर जम्मू एवं कश्मीर तथा सियाचिन ग्लैशियर जैसे अधिक जटिल मुद्दों को हल करने के लिए अनुकूल वातावरण नहीं तैयार किया जा सकता।

भारत पाकिस्तान को यह समझाना चाहता है कि जब तक इस्लामाबाद मुंबई हमले के आरोपियों के खिलाफ विश्वसनीय, प्रभावी और पारदर्शी कार्रवाई नहीं करता, तब तक किसी भी अर्थपूर्ण बातचीत को आगे बढ़ा पाना कठिन होगा।

कृष्णा के साथ पाकिस्तान दौरे के दौरान, विदेश सचिव निरूपमा राव, पाकिस्तान के प्रभारी संयुक्त सचिव वाई.के.सिन्हा और अन्य अधिकारी होंगे।

कृष्णा, कुरैशी के साथ कई सारे मुद्दों पर बातचीत करेंगे, ताकि भविष्य में और ठोस बातचीत के लिए रास्ता तैयार हो सके।

इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+