'राजनीतिक विफलता के चलते पंजाब में पनपा आतंकवाद'
गिल ने कहा कि शुरुआत में पंजाब में जो आतंकवाद था उसका जन्म वहीं हुआ था और उसे पाकिस्तान का समर्थन प्राप्त नहीं था।
टोरंटो से प्रसारित होने वाले एक रेडियो चैनल के 'एशियन कनेक्शंस' कार्यक्रम में सोमवार रात गिल ने यह बात कही।
उन्होंने कहा, "पंजाब में आतंकवाद की शुरुआत करने में पाकिस्तान का कोई योगदान नहीं था। वास्तव में पाकिस्तान इसमें बहुत देर से शामिल हुआ था।"
कार्यक्रम के दौरान टोरंटो निवासियों ने गिल से कई प्रश्न किए और उन्होंने दिल्ली से इन सवालों के जवाब दिए।
एक श्रोता के पंजाब में आतंकवाद को बढ़ावा देने वाले कारकों के विषय में पूछने पर गिल ने कहा, "जब (जरनैल सिंह) भिंडरवाला सक्रिय था और अपनी गतिविधियों को बढ़ाने की कोशिश कर रहा था तब उस समय सत्तारुढ़ पार्टी की प्रतिक्रिया बहुत कमजोर थी। इसलिए राज्य में आतंकवादी गतिविधियां बढ़ गईं। सरकार के पास आतंकवादियों के खिलाफ कोई स्पष्ट नीति नहीं थी, इससे उन्हें फैलने का मौका मिला।"
उन्होंने कहा कि यह पूरी तरह से राजनीतिक विफलता थी। सरकार ने सही रास्ता नहीं चुना जिसकी वजह से बाद में आतंकवादियों को नियंत्रित करने में परेशानी हुई। उन्होंने कहा कि यदि शुरुआत में कड़ी कार्रवाई की जाती तो पंजाब में जो कुछ हुआ उसे रोका जा सकता था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications