पूर्वोत्तर में आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति सुनिश्चित करने पर जोर
त्रिपुरा सरकार के एक शीर्ष अधिकारी ने मंगलवार को आईएएनएस को बताया, "प्रधानमंत्री ने मंत्रिमंडलीय सचिव के.एम. चंद्रशेखर से पूर्वोत्तर राज्यों में खाद्यान्न, ईंधन, रसोई गैस और अन्य आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति की व्यक्तिगत रूप से निगरानी करने के लिए कहा है।"
अधिकारी ने बताया कि प्रधानमंत्री ने दिल्ली में सोमवार शाम अधिकारियों के साथ एक बैठक की थी। इस बैठक में उन्होंने पूर्वोत्तर में आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति की समीक्षा की थी।
प्रधानमंत्री ने अधिकारियों से पूर्वोत्तर राज्यों और खासकर मणिपुर और त्रिपुरा में आवश्यक वस्तुओं के बफर स्टॉक बनाने की दिशा में कदम उठाने के लिए कहा।
चंद्रशेखर ने इस मुद्दे पर शनिवार को वीडियो-कांफ्रेंसिंग के जरिए एक बैठक की थी। इस बैठक में केंद्रीय गृह सचिव जी.के. पिल्लई, त्रिपुरा के मुख्य सचिव एस.के. पांडा, असम के अपर मुख्य सचिव एन.के. दास और भारतीय खाद्य निगम (एफसीआई) के सीएमडी सिराज हुसैन शामिल थे।
पांडा ने आईएएनएस को बताया, "शनिवार की बैठक के बाद एफसीआई और भारतीय तेल निगम (आईओसी) ने पूर्वोत्तर राज्यों में खाद्यान्न, ईंधन और अन्य आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति के लिए तत्काल कदम उठाए हैं।"
उन्होंने बताया कि रेलगाड़ियों और ट्रकों से ये वस्तुएं त्रिपुरा, मणिपुर और असम के कई इलाकों में पहुंच चुकी हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications