बिहार की प्रमुख नदियां उफान पर
नेपाल के जलग्रहण क्षेत्र में भारी बारिश होने के कारण कोसी नदी में पानी बढ़ गया है। वीरपुर बैराज के अधीक्षण अभियंता किशोर कुमार ने बताया कि सोमवार को 10 बजे दिन में 1,73,665 क्यूसेक पानी छोड़ा गया। लगातार पानी में हो रही वृद्घि के कारण कई क्षेत्रों में मिट्टी का कटाव तेजी से हो रहा है। जलस्तर में वृद्घि के कारण तटबंधों पर दबाव बना हुआ है।
पटना में बने बाढ़ नियंत्रण कक्ष के मुताबिक राज्य की प्रमुख नदियों में जलस्तर में वृद्घि दर्ज की जा रही है। नियंत्रण कक्ष में तैनात अभियंता आई़ बी़ सिंह ने बताया कि बागमती नदी सोनाखान, दुबाधार तथा चंदौली में खतरे के निशान को पार कर गई है परंतु शेष नदियां अभी खतरे के निशान से नीचे बह रह रही हैं।
इधर, गंडक नदी के जलस्तर में भी वृद्घि हुई है। वाल्मिकी नगर स्थित गंडक बैराज से सोमवार को 1,89,000 क्यूसेक पानी छोड़ा गया जबकि रविवार की रात 1,83,000 क्यूसेक पानी छोड़ा गया था।
राज्य की प्रमुख नदियों में बढ़ रहे जलस्तर के कारण मुजफ्फरपुर जिले के औराई और कटरा प्रखंड के करीब दो दर्जन गांवों में पानी घुस गया है। सहरसा में नवहटा तथा सलखुआ प्रखंड के कई गांवों में कोसी नदी के कटाव के कारण बाढ़ का खतरा मंडरा रहा है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications