'युगांडा विस्फोटों के हताहतों में अमेरिकियों के शुमार होने का अंदेशा'
वाशिंगटन, 12 जुलाई (आईएएनएस)। अमेरिका ने युगांडा में हुए आतंकवादी हमलों की निंदा करते हुए कहा है कि इनमें हताहत हुए लोगों में अमेरिकी भी हो सकते हैं।
समाचार एजेंसी डीपीए के अनुसार स्पेन और हालैंड के बीच फुटबाल विश्व कप के फाइनल मैच को देखने के लिए युगांडा की राजधानी कंपाला के केयादोनदो रग्बी क्लब में रविवार देर रात लोग इकट्ठा हुए थे। इसी दौरान हुए बम विस्फोटों में कम से कम 50 लोग मारे गए।
विदेश मंत्री हिलेरी क्लिंटन ने रविवार देर रात कहा, "कंपाला में विश्व कप का फाइनल मैच देख रहे निर्दोष लोगों को निशाना बनाकर किए गए हमले की राष्ट्रपति ओबामा और मैं निंदा करते हैं।"
क्लिंटन ने कहा, "हमारा मानना है कि हताहतों में अमेरिकी नागरिक भी हो सकते हैं और सहायता के लिए हमारे दूतावास के लोग पहुंच रहे हैं।"
उन्होंने कहा, "हमले के अपराधियों को पकड़ने के लिए अमेरिका युगांडा के साथ मिलकर काम करेगा।"
अब तक इस हमले की किसी ने भी जिम्मेदारी नहीं ली है लेकिन सोमालियाई आतंकवादियों ने कंपाला में हमले की धमकी दी थी क्योंकि युगांडा के सैनिक मोगादिशु में मौजूद हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications