आस्ट्रेलिया में भारतीय असुरक्षित : डागोर
भोपाल, 12 जुलाई (आईएएनएस)। भारतीय मूल के आस्ट्रेलियाई नागरिक जयंत डागोर का आरोप है कि आस्ट्रेलिया में भारतीय असुरक्षित हैं और उन पर हमलों का दौर जारी है। भारतीय सरकार इन हमलों को लेकर गंभीर नहीं है।
भोपाल प्रवास पर आस्ट्रेलियाई पत्नी अन्ना मारिया के साथ आए डागोर ने सोमवार को कहा कि आस्ट्रेलिया में नस्लवाद के चलते हर भारतीय खुद को असुरक्षित महसूस करता है। उस पर कहीं भी और कभी भी जानलेवा हमला हो जाता है। पीड़ितों का न तो वहां का प्रशासन साथ देता है और न ही पुलिस अपनी जिम्मेदारी निभाती है।
जयंत का मानना है कि भारतीयों पर हमले की वजह उनकी प्रतिभा है। आस्ट्रेलिया के लोग भारतीयों की प्रतिभा से डरते हैं और उन पर हमला करते हैं। वहीं भारतीय सरकार भी भारतीयों के हित में कदम उठाने से कतराती है। यहां के मंत्री आस्ट्रेलिया तो जाते हैं, मगर पीड़ितों से मिलना तक उचित नहीं समझते।
जयंत बताते हैं कि वह भी 14 साल पहले नस्लवाद का शिकार बने थे। उन्होंने न्यायालय का दरवाजा खटखटाया, मगर उन्हें न्याय नहीं मिला। वह कहते हैं कि बिल्ली को मारने पर तो चार व छह साल की सजा हो सकती है, मगर भारतीय को मारने पर किसी को एक दिन की सजा भी नहीं हुई है।
डागोर कहते हैं कि हर आस्ट्रेलियाई भारतीय विरोधी नहीं है। उन्हें कई आस्ट्रेलियाई का साथ मिला है, मगर वहां के मीडिया ने उनसे दूरी बना रखी है। जयंत की पत्नी अन्ना मारिया का कहना है कि भारतीयों पर होने वाले हमलों के कारण अब उन्हें खुद के आस्ट्रेलियाई होने पर शर्म आती है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications