बम विस्फोट में उप्र के मंत्री घायल
इलाहाबाद , 12 जुलाई (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश सरकार में संस्थागत वित्त मंत्री नंद गोपाल नंदी को निशाना बनाकर सोमवार को मुट्ठीगंज में उनके आवास के बाहर एक बम विस्फोट किया गया। हमले में मंत्री और उनका एक सुरक्षाकर्मी व अन्य दो लोग घायल हो गए। सभी का जीवन ज्योति अस्पताल में उपचार चल रहा है।
मुख्यमंत्री एवं बहुजन समाज पार्टी प्रमुख मायावती द्वारा हालात का जायजा लेने के लिए इलाहाबाद भेजे गए पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं राज्य सरकार में पंचायतीराज मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्या ने कुछ देर पहले अस्पताल में नंदी का हालचाल जानने के बाद वहां संवाददाताओं से कहा कि मंत्री (नंदी) की हालत स्थिर है।
मौर्या ने जोर दिया कि हमले के पीछे जो लोग भी हैं वे किसी भी हाल में बक्शे नहीं जाएंगे। जल्द वो सलाखों के पीछे होंगे। उन्होंने सिर्फ मंत्री पर हमला ही नहीं किया बल्कि शासन को खुली चुनौती दी है।
इस बीच यह भी कहा जा रहा है कि नंदी को इलाज के लिए दिल्ली ले जाया जा सकता है। हालांकि इस बारे में अभी तक आधिकारिक तौर पर कुछ नहीं बताया गया है।
उधर मंत्री पर हमले के संबंध में इलाहाबद के नैनी इलाके से एक (समाजवादी पार्टी) सपा नेता के घर छापेमारी करके पांच लोगों को हिरासत में लेने की खबरें आ रही हैं। पुलिस प्रशासन के अधिकारी इस बारे में चुप्पी साधे हुए हैं।
उत्तर प्रदेश के अपर पुलिस महानिदेशक (कानून एवं व्यवस्था) बृजलाल ने लखनऊ में संवाददातदाओं को बताया कि मंत्री अपने घर के पास स्थित मंदिर जा रहे थे, तभी पास में खड़ी एक मोटरसाइकिल में विस्फोट हुआ। घटनास्थल पर दो मोटरसाइकिलें और दो मोपेड क्षतिग्रस्त अवस्था में मिली हैं। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि संभवत: मोपेड में बम विस्फोट हुआ था।
उन्होंने कहा कि कौन सा विस्फोटक इस्तेमाल हुआ और विस्फोट किस तरीके से हुआ..इस बारे में जांच की जा रही है। लाल ने जोर दिया कि हमले के कारणों और हमलावरों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। लखनऊ से विशेष कार्रवाई दस्ते (एसटीएफ) और फोरेंसिक विशेषज्ञों का दल घटनास्थल पर पहुंचकर जांच कर रहा है।
अधिकारियों के मुताबिक आतंकवाद निरोधक दस्ते(एटीएस) की टीम भी जांच के लिए घटनास्थल भेजी गई हैं। हमले में मंत्री के साथ तीन अन्य लोग घायल हुए हैं। जिला प्रशासन के अधिकारियों ने बताया कि मंत्री, उनके एक सुरक्षा कर्मी, एक सहयोगी व एक पत्रकार घायल हुए हैं। शुरुआत में पुलिस ने केवल मंत्री और उनके सुरक्षाकर्मी के घायल होने की पुष्टि की थी।
बृजलाल ने कहा कि मंत्री के गले और हथेली में चोटें आईं हैं। वह फिलहाल खतरे से बाहर हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक नंदी के घर से निकलकर मंदिर की तरफ बढ़ते ही थोड़ी दूर पर खड़ी मोटरसाइकिलों में जोरदार विस्फोट हुआ। उनके आस-पास तीन से चार लोग थे, जो गंभीर रूप से घायल हो गए।
एक प्रत्यक्षदर्शी विकास मिश्रा ने संवाददाताओं को बताया कि विस्फोट के बाद पूरे इलाके में अफरा तफरी मच गई। चारों तरफ धुआं छा गया काफी देर तक कुछ दिखाई नहीं दे रहा था। मिश्रा ने कहा कि ऐसा लगता है कि रिमोट के जरिए बम विस्फोट कराया गया।
कुछ प्रत्यक्षदशिर्यो ने संवाददाताओं से इस दौरान गोलियां चलने की भी बात कही। हालांकि पुलिस ने मंत्री को गोलियां लगने की बात से इंकार किया है। मायावती सरकार के दो वरिष्ठ मंत्रियों नसीमुद्दीन सिद्दीकी और स्वामी प्रसाद मौर्य के अलावा राज्य के पुलिस महानिदेशक करमवीर सिंह और प्रमुख सचिव(गृह) फतेह बहादुर सिंह भी इलाहाबाद पहुंचकर हालात का जायजा ले रहे हैं।
जानकारी के मुताबिक दोनों मंत्रियों को वहां रहकर कानून-व्यवस्था और मंत्री के इलाज पर नजर रखने के निर्देश मिले हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications