पाकिस्तानी जासूस के पास है लाइसेंस, पहचानपत्र और पैन कार्ड
पुलिस ने सोमवार को बताया कि सेक्टर 44 स्थित किराये के जिस मकान से शनिवार को अली को गिरफ्तार किया गया, वहां छापा मारकर विभिन्न दस्तावेज और एक डिजिटल कैमरा जब्त किया गया। पाकिस्तान के पंजाब प्रांत के फैसलाबाद के रहने वाले 24 वर्षीय अली पर भारत की रक्षा संबंधी बड़ी जानकरियां अपने देश में भेजने का आरोप है।
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया, "हमने नई दिल्ली स्थित परिवहन प्राधिकरण से जारी एक ड्राइविंग लाइसेंस, चण्डीगढ़ के पता वाला मतदाता पहचानपत्र, पैन (परमानेंट अकाउंट नंबर) कार्ड एवं पंजाब विद्यालय शिक्षा बोर्ड से जारी उच्च विद्यालय का प्रमाणपत्र बरामद किया है।"
उन्होंने बताया, "हमने चण्डीगढ़ के क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय की रसीद भी बरामद की है। अली ने स्वीकार किया है कि उसने नेपाल के जरिए भारत में प्रवेश किया। चण्डीगढ़ आने से पहले वह नई दिल्ली और बीकानेर में ठहरा था। उसके खाते एक्सिस और यूनियन बैंक ऑफ इंडिया में हैं।"
जब्त किए गए इन दस्तावेजों से पता चलता है कि चण्डीगढ़ स्थित खुफिया विभाग की शाखा में कई खामियां हैं।
निरीक्षक (अपराध शाखा) अमनजोत सिंह ने आईएएनएस को बताया, "हम सभी दृष्टिकोणों से मामले की छानबीन कर रहे हैं और चण्डीगढ़ एवं अन्य राज्यों में अली के संपर्क में रहे व्यक्तियों का पता लगा रहे हैं। हम इसकी जांच भी करेंगे कि फर्जी कागजात के आधार पर उसने ये दस्तावेज कैसे हासिल किए।"
स्थानीय अदालत द्वारा पुलिस हिरासत में भेजे गए अली ने अदालत से दो फोन नंबरों पर अपने परिजनों से बात से करने की इजाजत मांगी है।
अदालत ने उसे जांच अधिकारी की मौजूदगी में परिजनों से बात करने की इजाजत दी है और पुलिस को वार्तालाप रिकार्ड करने का निर्देश दिया है।
पुलिस ने अली के निकट संपर्क में रहे दो दोस्तों- संतोष (24) और राजीव (23) को भी पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications