रथयात्रा से पहले पुरी में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था
रथयात्रा में करीब 10 लाख श्रद्धालुओं के शामिल होने का अनुमान है।
एक पुलिस अधिकारी ने सोमवार को बताया कि कानून-व्यवस्था सुचारू रखने और किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए शहर में 5,000 से ज्यादा पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है। सैकड़ों पुलिसकर्मी सादा कपड़ों में भी पुरी में अपनी सेवाएं देंगे।
यह रथयात्रा 12वीं शताब्दी के जगन्नाथ मंदिर से भव्यता से सजे हुए लकड़ी के तीन रथों में तीन देवताओं की वार्षिक यात्रा की प्रतीक है।
अधिकारी ने बताया कि रथयात्रा में अव्यवस्था पैदा करने वाले लोगों पर नजर रखने और भीड़ को नियंत्रित करने के लिए विभिन्न स्थानों पर एक दर्जन से ज्यादा क्लोज्ड सर्किट कैमरा लगाए गए हैं।
उन्होंने बताया कि आपातकालीन स्थितियों से निपटने के लिए बम का पता लगाने वाले और बम निरोधक दस्ते व अग्निशमन इकाईयां भी तैयार हैं।
उन्होंने बताया कि पुरी तट के निकट बंगाल की खाड़ी में तैनात तटरक्षक बल ने भी समुद्री रास्ते पर अपनी गश्त बढ़ा दी है।
पुरी में गर्मियों और मानसून के महीने में रथयात्रा का आयोजन होता है। भारतीय कैलेंडर के आषाढ़ (जून-जुलाई) महीने में रथयात्रा आयोजित होती है। इस साल 13 से 21 जुलाई तक रथयात्रा पर्व मनाया जाएगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications