युगांडा में बम विस्फोट, 64 फुटबाल प्रशंसक मरे (लीड -2)
नैरोबी, 12 जुलाई (आईएएनएस)। युगांडा की राजधानी कंपाला में रविवार देर रात हुए दो बम विस्फोटों में मरने वालों की संख्या बढ़कर 64 हो गई है जबकि इसमें 71 लोग घायल हुए हैं।
समाचार एजेंसी डीपीए के अनुसार पुलिस महानिरीक्षक काले केइहुरा ने बताया कि रविवार को हुए हमले के पीछे सोमालिया के इस्लामी कट्टरपंथी संगठन शाहबाब मिलिशिया का हाथ हो सकता है।
केइहुरा ने एक समाचार पत्र को बताया, "हम इस बात पर संदेह कर रहे हैं कि इस तरह की योजना के पीछे उनका हाथ हो सकता है।"
स्पेन और हॉलैंड के बीच फुटबाल विश्व कप के फाइनल मैच को देखने के लिए केयादोनदो रग्बी क्लब में लोग एकत्र हुए थे।
पुलिस के मुताबिक विस्फोट के बाद रग्बी क्लब मलबे में तब्दील हो गया। इस हमले में सुरक्षाकर्मी और चिकित्सकर्मी घायल हुए हैं। विस्फोट स्थानीय समायनुसार रात 11 बजे हुआ।
एक अन्य विस्फोट कंपाला के उपनगरीय इलाके में एक इथोपियन रेस्तरां में हुआ। इस विस्फोट में कम से कम 13 लोग मारे गए। मरने वालों में अधिकांश विदेशी नागरिक शामिल हैं।
पुलिस महानिरीक्षक काले केइहुरा ने बताया, "विश्व कप के फाइनल मैच के दौरान आने वाली भीड़ को निशाना बनाकर ही यह विस्फोट किया गया था।"
स्थानीय समाचार पत्र 'द डेली मोनिटर' के मुताबिक बम विस्फोटों में कम से कम 40 लोग मारे गए हैं। अखबार के मुताबिक संभावित तीसरा बम विस्फोट नतिंदा में हुआ। संभावित हमलों को देखते हुए जाहिरा तौर पर कई अन्य रेस्तरां बंद हो गए थे।
अमेरिका ने इस आतंवादी हमले की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि मरने वालों में अमेरिकी नागरिक भी शामिल हो सकते हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications