बिहार में बारिश के लिए नमाज और हवन
पटना, 12 जुलाई (आईएएनएस)। बिहार के कई जिलों में बारिश नहीं होने के कारण लोग परेशान हैं और अब भगवान की शरण में जाने लगे हैं। औरंगाबाद जिले में बारिश के लिए मुसलमानों ने खास नमाज अदा की तो गया में इंद्र भगवान को खुश करने के लिए लोगों ने हवन किया।
औरंगाबाद के देव स्थित मस्जिद में आस-पास के सात-आठ गांवों के मुस्लिम धर्मावलंबियों ने रविवार को बारिश के लिए खास नमाज अदा की। देव मस्जिद के मौलाना इमाम जफर ने आईएएनएस को बताया कि गांव में किसी प्रकार की आई प्राकृतिक आपादा के लिए लोग 'नमाजीइस्तीका' नामक नमाज अदा करते हैं।
उन्होंने बताया कि इस क्षेत्र में बारिश नहीं होने के कारण लोग परेशान हैं और बारिश के लिए यह खास नमाज अदा की गई। नमाजी मोहम्मद नेमाजुद्दीन कहते हैं कि अब अल्लाह यहां जरूर बारिश करेंगे और खेती का काम प्रारंभ हो जायेगा।
इधर, गया में इंद्र देवता को खुश करने के लिए प्रसिद्घ मंगला गौरी मंदिर में रविवार को हवन किया। इस मौके पर दर्जनों लोगों ने बने हुए एक बड़े हवन कुंड में आहूति दी। इस हवन में भाग लेने वालों को आशा है कि अब इस क्षेत्र में भी बारिश होगी और लोगों को सूखे से मुक्ति मिलेगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications