अलगाववादियों का बंद, श्रीनगर में फिर प्रतिबंध
कर्फ्यू में 24 घंटे की ढील के बाद पुराने शहर और मैसुमा तथा बटमालू इलाकों में कर्फ्यू जैसे प्रतिबंधों को लागू कराने के लिए सुबह भारी पुलिस बल के साथ अधिकारी पहुंचे।
सड़कों को बैरिकेड और कंटीले तार लगाकर बंद कर दिया गया। सुरक्षा बल संवेदनशील इलाकों में गश्त लगा रहे हैं।
कानून और व्यवस्था कायम रखने के लिए दक्षिणी कश्मीर के पुलवामा और काकपोरा इलाकों में भी प्रतिबंध लगाया गया है।
बारामूला के विशेष आयुक्त मुहम्मद सैयद खान ने कहा कि सोपोर कस्बे में लोगों को आवश्यक वस्तुओं की खरीद के लिए सुबह 11.00 बजे तक कर्फ्यू में ढील दी गई। कर्फ्यू में ढील के दौरान भीड़ ने बाजार में पथराव किया।
सैयद अली गिलानी के नेतृत्व वाले हुर्रियत के कट्टरवादी धड़े के बंद के आह्वान और प्रतिबंधों से श्रीनगर और अन्य कस्बों में जनजीवन पंगु हो गया। दुकानें बंद हैं और सड़कों पर वाहन नहीं हैं।
अधिकारियों ने शुक्रवार को मुस्लिम त्योहार शब-ए-मेराज के अवसर पर विशेष प्रार्थना सभाओं में लोगों को शामिल होने का मौका देने के लिए शुक्रवार शाम को पूरी कश्मीर घाटी में कर्फ्यू में ढील दी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications