छत्तीसगढ़ में थाने पर गोलीबारी (लीड-1)
रायपुर, 10 जुलाई (आईएएनएस)। छत्तीसगढ़ के बस्तर क्षेत्र अंतर्गत बीजापुर जिले के एक थाने पर शनिवार रात नक्सलियों ने गोलीबारी की। पुलिस के अनुसार किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
बस्तर क्षेत्र के पुलिस महानरीक्षक टी.जे. लोंगकुमार ने जगदलपुर शहर से आईएएनएस को फोन पर बताया, "नक्सलियों ने बीजापुर जिले के पामेड़ थाने पर दूर से ही तीन-चार राउंड गोलीबारी की। पुलिस की जवीबी कार्रवाई के बाद वे भाग गए।"
उन्होंने बताया कि किसी के मरने या घायल होने की सूचना नहीं है। अधिकारी ने थाने में मौजूद पुलिस कर्मियों की संख्या बताने से इंकार किया। यह थाना राज्य की राजधानी रायपुर से 500 किलोमीटर दक्षिण में है। यह इलाका आंध्र प्रदेश की सीमा के करीब है।
छत्तीसगढ़ के 40,000 वर्ग किलोमीटर दायरे में फैले बस्तर क्षेत्र के अंतर्गत दंतेवाड़ा, बीजापुर, बस्तर, नारायणपुर और कांकेर जिले हैं। इन इलाकों में इस वर्ष कई बार बम विस्फोट और गोलीबारी हो चुकी है। पिछले तीन महीने के दौरान राज्य में हुईं हिंसक वारदातों में 150 लोग मारे जा चुके हैं, जिनमें सबसे अधिक संख्या सुरक्षा जवानों की है।
इस इलाके में नक्सलियों ने 15 मार्च, 2007 को एक पुलिस चौकी पर हमला करके कम से कम 49 पुलिकर्मियों की हत्या कर दी थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications